दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में 1.5 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट का मामला आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 11 दिनों तक लगातार आठ राज्यों में करीब 4000 किलोमीटर तक पीछा करने और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूट की रकम में से 1.01 करोड़ रुपये से अधिक नकदी भी बरामद कर ली है।

कंपनी के कर्मचारी ने ही रची थी साजिश

जांच में सामने आया कि पीड़ित कंपनी का कर्मचारी करन ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड था। उसे नकदी की आवाजाही और रूट की पूरी जानकारी थी। वारदात वाले दिन वह पीड़ित के साथ मौजूद था और लगातार बदमाशों को लाइव लोकेशन भेज रहा था। लालच में आकर उसने गिरोह के साथ मिलकर डकैती की पूरी योजना तैयार की थी।

ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

10 जून को व्यापारी नितिन अपने सहयोगी करन के साथ स्कूटर पर दो बैगों में करीब 1.50 करोड़ रुपये लेकर जा रहे थे। जखीरा फ्लाईओवर के पास बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने पिस्टल तानकर नकदी से भरे बैग लूट लिए और फरार हो गए।

CCTV से मिला पहला सुराग

पुलिस ने घटनास्थल से लेकर कई किलोमीटर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि बदमाश पश्चिम विहार से ही पीड़ितों का पीछा कर रहे थे। वारदात में बाइक के अलावा स्कूटी और मारुति स्विफ्ट कार का भी इस्तेमाल किया गया था। स्कूटी के नंबर के आधार पर पुलिस दो नाबालिगों तक पहुंची, जिनसे पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ।

राजस्थान से जम्मू तक भागते रहे आरोपी

लूट के मुख्य आरोपी विक्की उर्फ गंजा और धीर सिंह वारदात के बाद दिल्ली से फरार हो गए थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और जम्मू तक का सफर किया। हालांकि पुलिस ने लगातार पीछा जारी रखा और आखिरकार 22 जून को दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

MCOCA लगाने की तैयारी

पुलिस ने छह वयस्क आरोपियों और दो किशोरों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस अब इस संगठित अपराध गिरोह पर MCOCA लगाने की तैयारी कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m