तमिलनाडु के कोयंबटूर से उत्तर प्रदेश एटीएस ने तमिलनाडु पुलिस के साथ मिलकर अल-कायदा से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को दबोचने में सफलता प्राप्त की है. अल-कायदा इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से जुड़े होने के आरोप में यूपी एटीएस ने तमिलनाडु से मकसूद अली को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किया गया आंतकी यूपी के सिद्धार्थनगर का रहने वाला है, जो कोयंबटूर में छिपा हुआ था.
गिरफ्तार किया गया आंतकी कोयंबटूर से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों के संपर्क में था. उसने एक सीक्रेट ऐप भी तैयार किया था.
तमिलनाडु के कोयंबटूर से यूपी ATS ने अलकायदा से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार किया है. 19 साल का मकसूद अली पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों के संपर्क में था. वह देश विरोधी हिंसक गतिविधियों की साजिश में शामिल था. वह लंबे समय से तमिलनाडु के कोयंबटूर में छिपकर रह रहा था. यूपी एटीएस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ पहुंच चुकी है.
एटीएस के अनुसार, मकसूद अली अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ग्रुप बनाकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए लड़कों को फंसा रहा था. वह युवाओं में कट्टरपंथ का जहर भरकर उन्हें मुजाहिद बनने के लिए उकसाता था.
जांच में यह भी सामने आया कि मकसूद पाकिस्तान के कुछ हैकर्स के संपर्क में था और कथित तौर पर हैकिंग टूल तैयार करने का प्रयास कर रहा था. उसने एक सीक्रेट ऐप भी तैयार किया था. उसे कोर्ट में पेश करके आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जाएगी.
मकसूद ने अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए ‘कैप्टन एम नेटवर्क’ नाम का एक सिक्योर मोबाइल ऐप बनाया था. इसका मोटो था ‘एक प्लेटफॉर्म, एक मकसद: यूनिटी, प्लान एंड एक्शन’.
ATS के मुताबिक, पूछताछ में उसने पायथन, जावा, कोडिंग और हैकिंग की जानकारी ऑनलाइन माध्यमों से हासिल करने की बात बताई है. जांच में मकसूद से जुड़े कई वॉट्सएप ग्रुपों की जानकारी भी सामने आई है. इनमें यूयू एंट्री गेट, यूनाइटेड उम्माह, गजवा-ए-हिंद, टीम ब्लैक हैट और लश्कर-ए-महंदी जैसे नाम वाले ग्रुप शामिल हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



