वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ई-रिक्शा जब्त कर लिया है।
कई फीट दूर जा गिरा युवक
यह हादसा हरनौत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित डिहरीगढ़ गांव के समीप हुआ। मृतक की पहचान डिहरीगढ़ निवासी प्रेम महतो के 37 वर्षीय पुत्र नितिश कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नितिश कुमार अपने घर के पास खड़े थे। तभी बख्तियारपुर की ओर से हरनौत बाजार की तरफ आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने उन्हें कल्याणबीघा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि नितिश कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लिया
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया गया है। चालक हरनौत बाजार के श्रीचंदपुर मोहल्ले का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में उसके नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि ने दिया मदद का भरोसा
पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद में 10 नए चेहरों की एंट्री, CM सम्राट चौधरी ने सभी को दी शुभकामनाएं

