स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल सेवाओं के 1,057 कर्मियों को गैलेंट्री और सर्विस मेडल देने की घोषणा की है। इनमें 301 गैलेंट्री मेडल, 92 प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (PSM) और 664 मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) शामिल हैं।
301 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल
कुल 301 गैलेंट्री मेडल में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 197 कर्मी लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म (LWE) यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। गैलेंट्री मेडल उन कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने जान बचाने, संपत्ति की सुरक्षा, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान असाधारण साहस और बहादुरी का प्रदर्शन किया।
92 को प्रेसिडेंट्स मेडल, 664 को मेरिटोरियस सर्विस मेडल
सरकार ने 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस प्रदान किया है। इनमें 83 पुलिस, 4 फायर सर्विस, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 2 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस दिया गया है। इनमें 606 पुलिस, 28 फायर सर्विस, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 12 करेक्शनल सर्विस कर्मी हैं।
CBI के 21 अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मानित
CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें 6 को PSM और 15 को MSM मिला है। PSM पाने वालों में शोभा दत्ता, मनोज बनर्जी, गिन्नी राणा, संजय कुमार समाल, रमेश चंद और मदन लाल धीमान शामिल हैं।
MSM पाने वालों में DSP, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल, कॉन्स्टेबल सहित कानूनी और तकनीकी स्टाफ शामिल हैं। ये अधिकारी दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, जयपुर, पटना, चंडीगढ़, मदुरै और बेंगलुरु समेत विभिन्न CBI इकाइयों में कार्यरत हैं। इन पदकों के जरिए जांच, कानून, तकनीक, प्रशासन और फील्ड ड्यूटी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मियों के समर्पण और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


