WPL 2026 Final: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 को अपना दूसरा फाइनलिस्ट मिल गया है। एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही अब खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। WPL 2026 का फाइनल मैच 5 फरवरी को वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा।

शाम 7:30 बजे शुरू होगा फाइनल मुकाबला

WPL 2026 का फाइनल मुकाबला भी टूर्नामेंट के अन्य मैचों की तरह शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि दोनों टीमों के कप्तान शाम 7 बजे टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी स्मृति मंधाना करेंगी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स की कमान जेमिमा रोड्रिग्ज के हाथों में होगी। दोनों ही कप्तानों के नेतृत्व में टीमों ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है।

एलिमिनेटर में दिल्ली का दमदार प्रदर्शन

कोटांबी स्टेडियम में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने हर विभाग में गुजरात जायंट्स पर दबदबा बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। हालांकि बेथ मूनी ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक जमाया, लेकिन उनकी पारी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सकी। गुजरात की टीम निर्धारित ओवरों में 168 रन ही बना सकी।

इसे भी पढ़ें: क्रिकेट के 73 नियम बदले: अब टेस्ट क्रिकेट में नहीं होगा ऐसा, हवा में बल्ला उछालने पर मिलेगी ‘सजा’

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की आसान जीत

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत आत्मविश्वास से भरी रही। शेफाली वर्मा और लिजेल ली ने तेजतर्रार पारियां खेलकर गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। इसके बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने संयमित और मैच जिताऊ पारी खेलते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। दिल्ली ने लक्ष्य को 3 विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया।

दूसरी बार खिताब जीतने उतरेगी RCB

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इससे पहले 2024 में WPL का खिताब अपने नाम कर चुकी है। हालांकि अन्य सीजन में टीम लीग स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। इस बार RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे फाइनल में जगह बनाई है और अब टीम दूसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

लगातार चौथा फाइनल खेलेने उतरेगी दिल्ली कैपिटल्स

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम पिछले सभी 3 सीजन के फाइनल तक पहुंचने में सफल रही है, लेकिन अब तक खिताब जीतने का सपना अधूरा ही रहा है। WPL 2026 में दिल्ली के पास इतिहास रचने और पहली बार ट्रॉफी उठाने का सुनहरा मौका है।

रोमांचक होने की उम्मीद

RCB और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला यह फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों टीमें संतुलित हैं और इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में नजर आई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अनुभव और आत्मविश्वास से भरी RCB जीत दर्ज करती है या फिर दिल्ली कैपिटल्स अपने लंबे इंतजार को खत्म कर पहली बार चैंपियन बनती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H