Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (08 फरवरी 2026) की खबरों में ‘दिल्ली में BJP सरकार के एक साल पूरे, दिल्ली में खुदाई कार्यों को लेकर CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश, MCD निगम आयुक्त के वित्तीय अधिकार बढ़े, दिल्ली के दो मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले, सौरभ भारद्वाज का दिल्ली सरकार पर हमला प्रमुख रहा।

दिल्ली में BJP सरकार के एक साल पूरे

दिल्ली में BJP सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर आज रामलीला मैदान से दिल्ली परिवहन विभाग की 500 नई इलेक्ट्रिक बसों (EV) और दिल्ली-पानीपत बस सेवा का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे। ख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि नई ईवी बसों और बस सेवा का शुभारंभ राजधानी की जनता के लिए सफर को सुरक्षित, सुविधा संपन्न और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में खुदाई कार्यों को लेकर CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार को हुई दर्दनाक दुर्घटना ने दिल्ली सरकार को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta)ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि राजधानी में जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के लिए तत्काल प्रभाव से सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि खुदाई और निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

सौरभ भारद्वाज का दिल्ली सरकार पर हमला

आम आदमी पार्टी ने जनकपुरी में सड़क पर खुदे गड्ढे में युवक की दर्दनाक मौत को लेकर एक साल पूरे होने का जश्न मना रही भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले हैं. आप दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जनकपुरी में मरने वाले कमल ध्यानी की मां आंसू बहा रही है दूसरी तरफ दिल्ली सरकार आज जश्न मना रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रेखा गुप्ता उसकी मां से नजर मिलाकर बात कर सकती हैं? अभी उसकी चिता ठंडी भी नहीं हुई है और सीएम रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में सरकार का एक साल पूरा होने का जश्न मना रही हैं.

पढ़े पूरी खबर…..

MCD निगम आयुक्त के वित्तीय अधिकार बढ़े

राजधानी दिल्ली में विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार ने दिल्ली नगर निगम (MCD) से जुड़ा एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने नगर निगम आयुक्त के वित्तीय अधिकारों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे अब वे अपने स्तर पर ही 50 करोड़ रुपये तक की योजनाओं और विकास कार्यों को मंजूरी दे सकेंगे। अब तक बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए अलग-अलग स्तरों पर स्वीकृति की प्रक्रिया के चलते फैसलों में देरी होती थी। सरकार का मानना है कि इस निर्णय से फाइलों का बोझ कम होगा, प्रशासनिक प्रक्रिया सरल बनेगी और सड़कों, नालों, पार्कों, स्ट्रीटलाइट, स्कूल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम समय पर पूरे हो सकेंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली के दो मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले

राजधानी दिल्ली में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने दो मेट्रो स्टेशनों के नाम बदल दिए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली राज्य नामकरण प्राधिकरण (SNA) की सिफारिश के बाद पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार पॉकेट-I मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ कर दिया गया है, जबकि पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन अब ‘मधुबन चौक’ के नाम से जाना जाएगा। नाम बदलने की मंजूरी मिलने के बाद DMRC ने दोनों स्टेशनों पर साइनेज और सूचना बोर्ड अपडेट कर दिए हैं। यात्रियों को किसी असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक घोषणाएं और डिजिटल डिस्प्ले भी बदले जा रहे हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

IRCTC Bharat Gaurav Tourist Train: पूर्वी भारत के प्रमुख हिंदू मंदिरों के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) की ओर से संचालित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को पूर्वी भारत के दिव्य मंदिरों की यात्रा कराई जाएगी। यह 10 दिन की यात्रा श्रद्धालुओं को वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम (ज्योतिर्लिंग) सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाएगी। इस यात्रा के दौरान यात्रियों को सुविधाजनक ट्रेन यात्रा के साथ पूजा स्थल भ्रमण और स्थानीय अनुभव का अवसर भी मिलेगा। (पढ़े पूरी खबर)

गीजर ब्लास्ट ने ली निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादनशीन निजामी की जान: नई दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन बस्ती इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. बाथरूम में लगे गीजर में ब्लास्ट होने के कारण घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे की चपेट में आने से दरगाह हजरत ख्वाजा निजामुद्दीन के सज्जादनशीन मोहम्मद सैयद निजामी (50) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी फिदा निजामी (45) गंभीर रूप से झुलस गई हैं. (पढ़े पूरी खबर)

दम घुटने से 2 युवकों की मौत: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में 7 फरवरी की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो युवक दम घुटने से काल के गाल में समा गए। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक एक बंद कमरे में गैस आधारित सिगड़ी पर मोमोज बना रहे थे। जानकारी के अनुसार, काम खत्म करने के बाद दोनों युवक उसी कमरे में सो गए, लेकिन सुबह उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पहुँचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गैस रिसाव और बंद कमरे में लंबा समय रहने के कारण हुआ माना जा रहा है, और मामले की जांच जारी है। (पढ़े पूरी खबर)

ऑपरेशन साइहॉक 3.0: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: दिल्ली पुलिस (Delhi Police)ने ऑपरेशन साइहॉक 3.0 (CyHawk 3.0) के तहत राजधानी दिल्ली समेत 10 से अधिक राज्यों में एक साथ 48 घंटे तक व्यापक अभियान चलाकर 6,500 से ज्यादा साइबर जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की है। 5 और 6 फरवरी को चले इस इंटेलिजेंस-आधारित स्पेशल ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट ने अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से कुल 6,552 साइबर अपराधियों को पकड़ा। इस दौरान 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीमें एक साथ कई जगहों पर तैनात की गईं। (पढ़े पूरी खबर)

AAP नेता के खिलाफ होगी पुलिस जांच: दिल्ली की द्वारका जिला अदालत ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में मंत्री आशीष सूद के सामने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रहे प्रवीण कुमार के खिलाफ पुलिस जांच के आदेश दिए हैं। अदालत ने यह आदेश सूद की उस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दिया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रवीण कुमार ने 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर सूद और उनके परिवार के खिलाफ झूठी, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी हरजोत सिंह औजला की अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपों की प्रकृति ऐसी है, जिनकी प्रभावी जांच बिना पुलिस की मदद के संभव नहीं है। (पढ़े पूरी खबर)

जनकपुरी हादसा आरोपी सब-कॉन्ट्रैक्टर का कर्मचारी गिरफ्तार: जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से बाइकर की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति के कर्मचारी योगेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे इटावा से पकड़ा। जांच में सामने आया है कि हादसे के समय योगेश मौके पर मौजूद था। उसी ने सब-कॉन्ट्रैक्टर को दुर्घटना की सूचना दी थी। हालांकि, जब देर रात मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे तो योगेश ने उन्हें गुमराह करते हुए कहा कि उसे घटना की कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया था। इससे पहले पुलिस शनिवार को ही सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में आगे की जांच जारी है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m