मथुरा। वृन्दावन के रुक्मिणी विहार स्थित नवनिर्मित होटल सिद्धि विनायक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब होटल के उद्घाटन समारोह के दौरान ही भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक महिला और एक बच्ची के झुलसने की खबर है। वृन्दावन कोतवाली के अंतर्गत केशव धाम चौकी क्षेत्र में स्थित इस होटल का आज ही भव्य उद्घाटन होना था। समारोह की तैयारियाँ चल रही थीं, तभी अचानक आग की लपटें उठने लगी।

शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग

शुरुआती जाँच में जिला प्रशासन ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है।आग की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। साथ ही क्रेन से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

READ MORE: सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र और नाना की दर्दनाक मौत

जानकारी के अनुसार इस होटल का निर्माण राया के निवासी विनीत अग्रवाल और अलीगढ़ के हरी अग्रवाल ने पार्टनरशिप में कराया है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस नुकसान के आकलन और अन्य तकनीकी खामियों की जाँच में जुटे हैं।