IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाईवोल्टेज मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने ईशान किशन की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय और कप्तान सूर्यकुमार की सूझबूझ भरी पारी की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बना लिए हैं। अब भारतीय टीम को पाकिस्तान को शिकस्त देकर सुपर 8 में पहुंचने के लिए 176 रन का लक्ष्य बचाना होगा।

बता दें कि इस मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 बॉल पर 77 रन की पारी खेली। इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल हैं। उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार ने 32 रन और शिवम दुबे ने 27 रन की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया। रिंकू सिंह चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहे। 

पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, उनके अलावा कप्तान सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को 1-1 सफलता मिली।

टी20 WC में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया सबसे बड़ा स्कोर

गौरतलब है कि पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के इतिहास में 175/7 रन का यह स्कोर भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 में भारत ने 160/6 और पाकिस्तान ने 159/8 का स्कोर बनाया था। वहीं, 2007 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 157/5 रन बनाए थे।

जितने वाली टीम सुपर-8 में पक्की जगह करेगी

भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें एक ही ग्रुप-ए में हैं। दोनों ने इस वर्ल्ड कप में दो-दो मैच खेले हैं और अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। भारत ने मुंबई में यूएसए (USA) के खिलाफ 29 रनों से जीत दर्ज की। फिर भारतीय टीम दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ 93 रनों से जीती। पाकिस्तान सभी मैच श्रीलंका में ही खेल रहा है। उसने पहले मैच में नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हराया था और यूएसए को 32 रनों से हराया। आज जो भी टीम जीतती है तो वह टीम सुपर 8 स्टेज में अपनी सुरक्षित जगह पक्की कर लेगी।

इसे भी पढ़ें: IND vs PAK T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के खिलाफ ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी, 27 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, कोहली-उथप्पा के खास क्लब में बनाई जगह

भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

पाकिस्तान की प्लेइंग 11

सैम अयूब, साहिबज़ादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद नवाज़, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेट कीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक

मैच कहां देखें लाइव?

भारत और पाकिस्तान के इस हाईवोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।

मोबाइल या ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए मैच जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगा। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करना होगा, और पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें ताकि बिना रुकावट मैच देख सकें।

इसके अलावा, यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी फ्री में देखा जा सकता है। हालांकि इसके लिए आपके पास डीडी फ्री डिश का कनेक्शन होना जरूरी है। अन्य डीटीएच या केबल नेटवर्क पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H