सोहराब आलम/मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कुडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में मोतिहारी पुलिस ने सूखा नशा के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध संपत्ति बरामद हुई है।
गुप्त सूचना पर एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुनील कुमार को जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में गांजे की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात को सूचित किया गया। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरूही गांव निवासी रामेश्वर साह के घर पर दबिश दी।
बरामदगी: गांजा, शराब और सात लाख से अधिक नगद
पुलिस की इस छापेमारी में तस्कर के ठिकाने से 505 ग्राम गांजा, 132 लीटर नेपाली शराब और 7 लाख 27 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। बरामद नकदी को तस्करी से अर्जित संपत्ति माना जा रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के तस्करों में हड़कंप मच गया है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि गांजे की यह खेप कहां से आई और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सफेदपोशों और नेटवर्क के सदस्यों की पहचान की जा रही है, ताकि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके।
युवाओं को बचाने का संकल्प
मोतिहारी पुलिस का यह विशेष अभियान युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशा तस्करों के विरुद्ध इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


