सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामसिंघा गांव के पास अपराधियों ने न केवल एक युवक पर जानलेवा हमला किया, बल्कि बीच-बचाव करने आई एक महिला के साथ भी लूटपाट की। घटना 17 फरवरी 2026 की देर रात की बताई जा रही है।
घात लगाकर बैठे थे हमलावर
पीड़ित सतेन्द्र सिंह के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे रात करीब 11 बजे कुंवारी देवी चौक स्थित वीणा देवी के घर से अपने घर नरसिंहा लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों की मंशा सतेन्द्र की हत्या करने की थी। उनके पास धारदार हथियार और पिस्तौल भी थी, जिससे उन्होंने पीड़ित पर हमला बोल दिया।
बीच-बचाव करने गई महिला से लूट
हमले के दौरान जब चीख-पुकार मची, तो पास ही रहने वाली वीणा देवी बाहर निकल आईं। आरोपितों ने उनके साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर हमलावरों ने वीणा देवी के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज और पुलिस की कार्रवाई
मारपीट में सतेन्द्र सिंह और उनके साथी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और अन्य मेडिकल जांच की सलाह दी है।
पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर प्रकाश कुमार, कृष्णा महतो और मंटू दास को नामजद किया है, जबकि दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


