रमेश सिन्हा, पिथौरा। नगर से लगे लाहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा बुधवार शाम तब हुआ, जब परिवार के सदस्य घर लौटे और मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया।

जानकारी के अनुसार, कर्मचारी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक अपनी पत्नी के साथ गुजरात तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। उनकी पुत्री प्रेमलता नायक खाटूश्याम दर्शन के लिए बाहर थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक और बहू अंजू नायक आवश्यक कार्य से रायपुर गए थे और वहीं रुक गए। मकान में रहने वाली किरायेदार भी उस दिन बाहर थी। घर पूरी तरह सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मुख्य गेट पर लगे बड़े ताले को कथित तौर पर ग्राइंडर मशीन से काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के भीतर रखी आलमारी को तोड़कर करीब 10 तोला सोने के जेवरात, 150 तोला चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये से अधिक नकदी लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार कुल नुकसान लगभग 30 लाख रुपये के आसपास है।

घर लौटने पर बिखरा सामान और टूटी आलमारी देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ महीने पूर्व पास ही स्थित एक व्यवसायी की कार से करीब 10 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से कॉलोनीवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त न के बराबर है, जिसका फायदा शातिर चोर उठा रहे हैं। रहवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलोनी में कई घर ऐसे हैं जहां परिवारजन अक्सर बाहर जाते रहते हैं, जिससे चोर गिरोह सक्रिय हो रहे हैं।

थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।” पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H