बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित पॉश कॉलोनी राजकिशोर नगर में मंगलवार रात फिल्मी अंदाज में हुई हथियारबंद लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने सराफा कारोबारी संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के जेवर, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लूट ली। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। वे प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर बिक्री के लिए रखे सोने के जेवर कार में लेकर घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर, बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचते ही पहले से खड़ी सफेद रंग की कार (सीजी 10 बीजे 8147) ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद जैसे ही संतोष तिवारी कार से बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद बदमाश साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से निकल गए।

खेत-खलिहानों के रास्ते भागने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही जिले के सभी थानों का स्टाफ सड़कों पर उतर आया। पुलिस ने रातभर मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि बदमाश ग्राम उरतुम में लूटी गई कार छोड़कर पैदल फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि वे खेत-खलिहानों के रास्ते भाग निकले, जबकि पुलिस मुख्य सड़कों पर तलाशी में जुटी रही।

पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़ी गई कार और एक बाइक जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहन चोरी के बताए जा रहे हैं। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी स्थानीय हैं या किसी अन्य राज्य से आए थे।

आईजी पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और चारों ओर सख्त नाकेबंदी के निर्देश दिए। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

घायल कारोबारी आईसीयू में भर्ती

हमले में गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर सिर की चोट की जांच की गई। उनके सिर में कई जगह गहरे घाव पाए गए हैं, जिनमें करीब 50 टांके लगे हैं। देर रात उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

बेलतरा विधायक शुक्ला भी घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। ऑपरेशन के बाद उन्होंने घायल कारोबारी से मिलकर उनका हालचाल जाना।

इस सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।हालांकि, पुलिस भी जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H