Imad Wasim ex-wife Sania Ashfaq: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम पर उनकी पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सानिया का दावा है कि दिसंबर 2023 में उन्हें जबरन अबॉर्शन के लिए मजबूर किया गया, जिसे उन्होंने “हत्या” करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास वीडियो और व्हाट्सऐप चैट जैसे सबूत मौजूद हैं।

सानिया अशफाक ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द

सानिया अशफाक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से बताया कि लाहौर में उनका अबॉर्शन कराया गया और इस दौरान उन्हें कोई सहारा नहीं मिला। जब उन्होंने आवाज उठाने की कोशिश की, तो उन्हें चुप कराया गया और उनके खिलाफ नेगेटिव कैंपेन चलाया गया। सानिया ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने इमाद वसीम को सीधे तौर पर “कातिल” करार दिया। अपनी पोस्ट में सानिया ने लिखा कि दिसंबर 2023 में इमाद ने उनके बच्चे का जबरन अबॉर्शन कराया और इस पूरे मामले का वीडियो उनके पास मौजूद है। उन्होंने इस्लामाबाद यूनाइटेड द्वारा हाल ही में PSL ऑक्शन में इमाद को टीम में शामिल करने पर भी सवाल उठाया और बहिष्कार की अपील की।

मानसिक और शारीरिक आघात झेलना पड़ा

सानिया का कहना है कि प्रेगनेंसी के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक आघात झेलना पड़ा। इस कठिन समय में इमाद ने उनका कोई साथ नहीं दिया। उन्होंने कुछ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं, जिन्हें वह इमाद का बताती हैं। सानिया ने दावा किया कि उनसे संपर्क करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं।

सानिया ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड अपनी हिम्मत से किया है, ताकि अपने बच्चों के लिए न्याय सुनिश्चित किया जा सके। उनका कहना है कि दिसंबर 2023 में उन्हें जबरन अबॉर्शन करवाने के दौरान उनकी मर्जी को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया, जिससे उन्हें भारी शारीरिक और भावनात्मक ट्रॉमा हुआ।

वसीम की ओर से अभी तक नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया

हालांकि, इन आरोपों पर इमाद वसीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इमाद ने हाल ही में दूसरी शादी की है। मामला सोशल मीडिया और क्रिकेट हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस विवाद ने पाकिस्तान क्रिकेट और सोशल मीडिया दोनों जगह हलचल मचा दी है, और खेल जगत में नैतिकता, महिला सुरक्षा और व्यक्तिगत अधिकारों पर बहस शुरू कर दी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H