सुदीप उपाध्याय, रामानुजगंज। जिला जेल रामानुजगंज में हत्या के आरोप में बंद 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया (उम्र 42 वर्ष) निवासी ग्राम सीतारामपुर पाट, थाना पस्ता के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 को हुए हत्या प्रकरण में आरोपी था और न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को विष्णु कुमरिया ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की थी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल उपचार के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया। शाम करीब 6 बजे से रात 9 बजे तक उसका इलाज चला, जिसके बाद उसे वापस जिला जेल लाया गया।

शनिवार सुबह लगभग 9:45 बजे उसकी तबीयत फिर से बिगड़ने की सूचना जेल प्रशासन को मिली। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत दोबारा 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया। वहां सुबह 10:30 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत 10:30 बजे मृत्यु की पुष्टि की गई। वहीं, जिला जेल के जेलर वाल्मीकि ध्रुव ने बताया कि शनिवार को भी कैदी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों और संबंधित उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी थी। प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

