Bilaspur News Update: बिलासपुर। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के व्यास नगर–काशी सेक्शन में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कुछ गाड़ियां परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। 25 फरवरी 2026 को गोंदिया से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस चुनार–प्रयागराज–फाफामऊ–जंघई–जौनपुर मार्ग से होकर बरौनी जाएगी। इसी तरह 25 फरवरी 2026 को दुर्ग से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18201 दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस मानिकपुर–प्रयागराज–माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–सुल्तानपुर–अयोध्या धाम–गोरखपुर के रास्ते नौतनवा पहुंचेगी।
शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त एसी-3 कोच
यात्रियों की सुविधा और अधिकाधिक कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 18030/18029 शालीमार–एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 कोच जोड़ा जा रहा है। यह सुविधा 21 से 27 फरवरी 2026 तक शालीमार से चलने वाली गाड़ी संख्या 18030 शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में उपलब्ध रहेगी। वहीं 23 से 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को एलटीटी से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में यह सुविधा दी जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।

फर्जी डीओ से धान उपार्जन में हेराफेरी, राइस मिल के मुंशी समेत चार गिरफ्तार
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में धान उपार्जन में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राइस मिल के मुंशी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 360 क्विंटल धान की फर्जी आवक-जावक दर्शाकर शासन को लगभग 8 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।
मामले में प्रार्थी धर्मराज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मुंशी श्यामसुंदर अग्रवाल ने बिना जानकारी के फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर उपार्जन केंद्र बोडसरा और बिटकुली से 180-180 क्विंटल, कुल 360 क्विंटल धान (करीब 450 बोरी) की हेराफेरी की। इस धान की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत पर बिल्हा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान श्यामसुंदर अग्रवाल को सिलतरा, रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर बोडसरा केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर धनंजय यादव और प्रभारी प्रबंधक अशोक मरावी के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी की, जिससे करीब 4 लाख रुपये की अवैध कमाई हुई। इसी प्रकार बिटकुली केंद्र में प्रभारी प्रबंधक ललित बघेल के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी कर शासन को लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने श्यामसुंदर अग्रवाल, अशोक कुमार मरावी, ललित कुमार बघेल और धनंजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिल्हा के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
15 मार्च तक मनरेगा और जून तक पीएम आवास पूर्ण करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने जिले के सभी जनपद सीईओ, सहायक अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक और रोजगार सहायकों को निर्देश दिए हैं कि मनरेगा के तहत सूचीबद्ध सभी कार्यों को 15 मार्च तक निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने, श्रमिकों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने और गुणवत्ता से समझौता न करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण और साप्ताहिक प्रगति समीक्षा के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों में हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन आवासों को जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। सीईओ ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने जल संचयन और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों की समय पर पोर्टल एंट्री सुनिश्चित की जाए तथा युक्तधारा पोर्टल पर योजनाओं की कार्ययोजना नियमित रूप से अपलोड की जाए। जल संरक्षण के तहत निजी डबरी प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए। सीईओ ने चेतावनी दी कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कलेक्टर ने किया निरीक्षण; एक दुकान सील
मुंगेली। जिले में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। पूर्व में व्यापारियों को समझाइश देने के बाद अब प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिला मुख्यालय के पड़ाव चौक से पंडरिया रोड तक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर रखे गए सामान को दुकान के भीतर रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानदार स्वामित्व सीमा से बाहर सामान रखकर सड़क पर कब्जा किए हुए हैं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
कलेक्टर ने संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। बार-बार समझाइश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर एक दुकान को सील कर दिया गया।
ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई बस, बड़ा हादसा टला
रायगढ़। रतनपुर से रायगढ़ जा रही एक यात्री बस शनिवार को घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कोटरीमाल के पास अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस नीचे उतरकर एक गड्ढे में फंस गई। घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह बस प्रतिदिन सुबह करीब 5 बजे रनपुर से रवाना होकर दोपहर लगभग 12 बजे रायगढ़ पहुंचती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते दुर्घटना टलने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


