योगेश राजपूत, बेमेतरा। जिले में फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से लोगों को नौकरी लगवाने, ट्रांसफर कराने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम रोहित कुमार है, जो मूलतः उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से देवकर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। शैक्षणिक योग्यता केवल दसवीं पास होने के बावजूद रोहित कुमार ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगने का काम किया।

जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने अब तक तीन लोगों से कुल 2 लाख 62 हजार 500 रुपये की ठगी की है। उसके ठगी के तरीकों में लोगों को नौकरी, ट्रांसफर या सरकारी योजना का लाभ दिलाने का प्रलोभन शामिल था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी बेमेतरा रामकृष्ण साहू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। देवकर पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने किन-किन अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या इस ठगी में कोई सहयोगी शामिल था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने जनता से अपील की है कि इस तरह के किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या ठगी के मामले की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


