India vs Zimbabwe: टी20 विश्व कप 2026 रोमांचक मोड़ पर है. टीम इंडिया को अगर सेमीफाइनल का टिकट चाहिए तो उसे सुपर 8 के बचे हुए दोनों मैच जीतने हैं. सबसे पहले जिम्बाब्वे की चुनौती है, जिसने इस एडिशन में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को मात दी है. 26 फरवरी को चेन्नई में इस टीम के खिलाफ होने वाला मुकाबला टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल के लिहाज से करो या मरो वाला मैच है. यही वजह है कि सूर्या ब्रिगेड मजबूत प्लेइंग 11 के साथ मैदान में उतरेगी.
सुपर 8 के पहले ही मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की शर्मनाक हार मिली थी. उस मुकाबले में टीम ने जो गलतियां की थीं, उनसे सबक लेकर मेन इन ब्लू मैदान में उतरेगी. प्लेइंग 11 में 2 बड़े बदलाव दिख सकते हैं. ओपनिंग जोड़ी बदली नजर आ सकती है, जबकि मिडिल ऑर्डर में बैटिंग ऑर्डर भी बदल सकता है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया सबसे बढ़िया कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरेगी. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक के बयान से भारतीय प्लेइंग इलेवन की स्थिति काफी हद तक क्लियर हो गई है. उनके बयान से संकेत मिले हैं कि ओपनिंग जोड़ी बदल सकती है. अभी तक अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने ओपनिंग की थी. टीम मैनेजमेंट अब खासकर 2 चीजों पर ध्यान देगा, पहली ये कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के साथ जाना और दूसरा टीम बॉलिंग कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखना. सितांशु कोटक ने माना कि टीम को एक बेहतर स्टार्ट की दरकार है.
ओपनिंग जोड़ी बदल सकती है

अब सवाल ये है कि क्या पहले चार मैचों में सिर्फ 15 रन बनाने वाले अभिषेक शर्मा बाहर होंगे? तो ऐसा संभव नहीं दिखता, क्योंकि नेट्स में वो खूब पसीना बहा रहे हैं. हेड कोच गौतम गंभीर उनके साथ काफी वक्त बिताते हुए देखे गए हैं, जबकि ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं, तो उनका खेलना तो तय ही है. इस बार टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में पहले तीन बैटर लेफ्टी रहे हैं, जिसका विरोधी टीमों ने ऑफ स्पिनर्स से बॉलिंग कराकर खूब फायदा उठाया था, इसलिए जिम्बाब्वे के खिलाप जहां तक लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन की बात है, तो ईशान की जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है. इसके संकेत बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भी दिए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक और संजू पारी का आगाज कर सकते हैं.
पहला बदलाव क्या होगा?

संजू को रिंकू सिंह की जगह प्लेइंग 11 में एंट्री मिल सकती है, जो पिता की तबीयत खराब होने के चलते चेन्नई से अपने घर लौट चुके हैं. हालांकि वो जिम्बाब्वे के मैच से पहले टीम को जॉइन कर लेंगे, मगर उनके खेलने की उम्मीद कम ही है. इस सीजन संजू को नामीबिया के खिलाफ एकमात्र मैच में मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 8 बॉल पर 22 रनों की छोटी लेकिन तूफानी पारी खेली थी. अब संजू को अगर चांस मिला तो शानदार बैटिंग करके आलोचकों का मुंह बंद करना चाहेंगे.
दूसरा बदलाव क्या होगा?

ये तो हुआ पहला बदलाव. अब बात करते हैं दूसरे बदलाव की, जो बॉलिंग डिपार्टमेंट में दिख सकता है. सितांशु कोटक ने माना कि बॉलिंग कॉम्बिनेशन में भी बदलाव पर विचार है. उन्होंने संकेत दिए हैं कि नंबर 8 पर ऑलराउंडर ही खेल सकता है. मतलब ये कि सुंदर की जगह अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है, जिन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाहर बैठाया गया था. वो भी तब, जब उन्होंने पहले तीन मैचों में कुल 6 विकेट निकाले थे. उनकी जगह आए सुंदर गेंद और बल्ले दोनों से फ्लॉप रहे थे.
जिम्बाब्वे के खिलाफ ये हो सकती है भारत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


