बिलासपुर। होली से पहले प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 फरवरी को बिलासपुर प्रवास के दौरान 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपए के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 15.98 करोड़ रुपए की लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपए के 82 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
यह भी पढ़ें : CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में गर्मी ने दी दस्तक, आने वाले दिनों में 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
मुख्यमंत्री बिल्हा विकासखंड के रहंगी खेल मैदान में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि का जारी करेंगे। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए मिलेंगे। त्योहार से ठीक पहले खाते में राशि पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मौजूद रहेंगे।

जिले में जिन प्रमुख कार्यों की सौगात मिलेगी, उनमें उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख मार्गों का मजबूतीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का निर्माण, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास तथा सिंचाई नहरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी। किसान सहायता राशि से कृषि निवेश में तेजी आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
सिम्स में सर्जरी और गायनी वार्ड में 15-15 बेड बढ़े, नया 20 बेड का कैजुअल्टी वार्ड भी होगा शुरू
बिलासपुर। सिम्स में लंबे समय से सर्जरी और गायनी वार्ड में बेड की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दोनों वार्ड में अभी 70-70 बेड हैं, जबकि रोजाना भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या इससे अधिक पहुंच जाती है। अब प्रबंधन ने दोनों वार्ड में 15-15 बेड बढ़ाया है। विस्तार कार्य के बाद सर्जरी और गायनी वार्ड में 85-85 बेड उपलब्ध होंगे। इससे कुल 30 नए बेड हाे गए हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बढ़ते मरीज भार को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि भर्ती मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके और इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो। सिम्स में इमरजेंसी सेवाओं पर भी दबाव लगातार बढ़ रहा था। पुराने कैजुअल्टी वार्ड में सीमित बेड होने के कारण दुर्घटना, प्रसव पीड़ा या गंभीर हालत में आने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता था।
कई बार प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को वार्ड में शिफ्ट करने में भी देरी होती थी, क्योंकि वहां पहले से ही बेड फुल रहते थे। अब अस्पताल में 20 बेड का नया कैजुअल्टी वार्ड शुरू किया जा रहा है।
पुराना और नया दोनों कैजुअल्टी वार्ड एक साथ संचालित होंगे। इससे इमरजेंसी मरीजों को तुरंत बेड उपलब्ध हो सकेगा और भीड़ का दबाव कम होगा। गंभीर मरीजों की मॉनिटरिंग और उपचार की प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित तरीके से हो पाएगी। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि बेड बढ़ने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
सड़क में विचरण कर रही गाय पर चाकू से वार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर। सिटी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने एक गाय पर धारदार हथियार से हमला कर लिया। पुलिस ने आरोपी पर अपराध दर्ज कर लिया है।
मंगला क्षेत्र में रहने वाले नितिश यादव ने सिटी कोतवाली थाने में गाय पर घातक हमला किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नितिश यादव, जो निजी नौकरी के साथ गौ सेवा का कार्य भी करते हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को दोपहर उन्हें सूचना मिली कि टिकरापारा निवासी अल्ताफ खान ने सड़क पर विचरण कर रही एक गाय पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में गाय का पिछला पैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे लगातार रक्तस्राव होने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही गौ सेवकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। घायल गाय को उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की गई, वहीं मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। आवेदन में नितिश यादव ने बताया कि यह कृत्य न केवल पशु क्रूरता का गंभीर मामला है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी। साथ ही कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
मवेशी रेलवे लाइन पर आया तो मालिक और चरवाहा दोनों पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन और पटरियों के आसपास घूमने वाले मवेशी अब रेलवे के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। इन्हें रोकने बिलासपुर मंडल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे ने मवेशी मालिकों और चरवाहों को साफ चेतावनी दी है कि वे अपने जानवरों को ट्रैक और स्टेशन परिसर में न आने दें, वरना उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
दरअसल, पटरियों पर मवेशियों के आ जाने से कई बार ट्रेन को अचानक रोकना पड़ता है। कभी 15-20 मिनट तो कभी एक घंटे तक ट्रेन खड़ी रहती है। एक ट्रेन रुकती है तो उसके पीछे आने वाली दूसरी ट्रेनें भी लेट हो जाती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी होती है और संचालन भी प्रभावित होता है। रेलवे का कहना है कि ट्रैक के आसपास मवेशी छोड़ना नियमों के खिलाफ है और इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसलिए लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई तय है।
मारपीट के बाद पेट्रोल डाल आग लगा हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। ऑपरेशन तलाश” के तहत खरसिया पुलिस ने मौहापाली में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर पेट्रोल डालकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी कृष्णा उर्फ गंगाराम सोनवानी पिता छोटकू सोनवानी उम्र 28 वर्ष निवासी मौहापाली भांटापारा थाना खरसिया को आज दोपहर उसके गांव के तालाब के पास से गिरफ्तार किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना 16 फरवरी 2026 की है, जब मृतक शिव प्रसाद पटेल अपने मामा के घर मौहापाली गया था, जहां आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट की और बाद में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी कृष्णा उर्फ गंगाराम ने बताया कि उसने मारपीट में घायल शिव प्रसाद पटेल के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी । पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी कृष्णा सोनवानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतक की मोटरसाइकिल, कपड़े और घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पट्टा में छेड़छाड़ कर जमानत लेने का प्रयास, जुर्म दर्ज
कोरबा। जिला न्यायालय में कूटरचित पट्टे से जमानत लेने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब ग्रामीण ने आरोपी की जमानत के लिए विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के न्यायालय में पट्टा पेश कर दिया। इस पट्टे से कुछ पृष्ट गायब थे, जिससे संदेह होने पर कोर्ट ने संबंधित तहसील कार्यालय से सत्पापन कराने के निर्देश जारी कर दिए। सत्यापन में पट्टा कूटरचना की बातें सामने आई। मामले में पट्टेदार के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
सूत्रों के अनुसार विद्युत विभाग की शिकायत पर एक उपभोक्ता के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की थी। उसकी जमानत के लिए 1 जनवरी 2026 को रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम डूमरडीह में रहने वाला जीवनदास महंत आरोपी का जमानत लेने पहुंचा था। उसने जमानत के लिए विशेष न्यायाधीश (विद्युत अधिनियम) के न्यायालय में ऋण पुस्तिका क्रमांक 314955, पहनं 34 पेश किया। कोर्ट ने जमानत मंजूर करने से पहले जांच की तो पता चला कि जीवनदास ने उक्त ऋण पुस्तिका से ही 16 दिसंबर 2025 को पांच हजार का जमानत लिया था, लेकिन जमानत की प्रविष्टि ऋण पुस्तिका में परिलक्षित नही हो रही थी। जिससे कोर्ट को संदेह हो गया।
कोर्ट ने कार्यालय भैसमा तहसीलदार से ऋण पुस्तिका का सत्यापन कराने के आदेश जारी कर दिए। उनके आदेश पर सत्यापन उपरांत कूटरचना का खुलासा हो गया। तहसील कार्यालय से जारी आदेश का पालन करते हुए हल्का पटवारी ने अपना रिपोर्ट प्रस्तुत कर दिया, जिसमें पता चला कि उक्त किसान किताब उनके द्वारा जारी नही किया गया है और न ही उनका हस्ताक्षर है। भैसमा में 4 अगस्त 2023 से पूर्णकालिक तहसीलदार पदस्थ हैं, लिहाजा अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा 8 अप्रैल 2024 की स्थिति में किसान किताब जारी नही किया गया है।
तहसील कार्यालय से सत्यापन में कूटरचना का खुलासा होने के बाद कोर्ट ने एफआईआर के आदेश जारी कर दिए। जिसका पालन करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने फर्जी पट्टे से जमानत लेने का प्रयास करने वाले जीवनदास महंत के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2), 336(3), 340 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
होली पर दुर्ग – रायगढ़ – दुर्ग के मध्य चलेगी स्पेशल पैसेंजर ट्रेन
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिनांक 02, 03, 05 एवं 06 मार्च 2026 को गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग – रायगढ़ – दुर्ग के मध्य 04 फेरे के लिए होली मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी जा रही हैं ।
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग रायगढ़ मेमू पैसेंजर गाड़ी दुर्ग से 10:30 बजे रवाना होकर 10:36 बजे भिलाई नगर 10.43 बजे भिलाई पावर हाउस 10:50 बजे भिलाई 10.56 बजे देवबलोदा चरोदा, 11:09बजे कुम्हारी, 11:17 बजे सरोना 11.24 बजे सरस्वती नगर, 11.35 बजे रायपुर 11:45 बजे डब्ल्यूआरएस, 11:52 बजे उरकुरा, 12:00 मांडर,12:11 बजे सिलियारी, 12.21 बजे बैकुंठ 12:28 बजे तिल्दा नेवरा, 12.39 बजे हथबंद, 12:52 बजे भाटापारा, 13.05 बजे निपानिया, 13.15 बजे दागोरी, 13.23 बजे बिल्हा, 14.31 बजे चक्करभाटा 14.37 बजे दाधापारा,15.10 बजे बिलासपुर, 15.28 बजे गतौरा, 15:40 बजे जयरामनगर, 15.53 बजे अकलतरा, 16:10 बजे जांजगीर नैला, 16:30 बजे चांपा, 16:50 सारागांव देवरी, 17:03 बजे बुढार, 17.18 बजे सक्ती, 17:30 जारडीह, 17.40 बजे खरसिया, 17.58 बजे रॉबर्टसन, 18: 13 बजे भूपदेवपुर, 18.23 बजे किरोड़ीमल नगर, 18:50 बजे रायगढ़।
2, 3, 5 एवं 6 मार्च 2026 को वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़- दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल रायगढ़ से 19:00 रवाना होकर उपरोक्त सभी स्टेशनों पर रुकते हुए बिलासपुर 21.45 बजे एवं रायपुर 00:10 बजे और दुर्ग अगले दिन 1.45 बजे पहुंचेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


