तेहरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले के बाद मिडिल ईस्ट में बेहद तनाव का माहौल है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी सेना के बेस को टारगेट किया है। इस बीच रविवार को ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे पलाऊ के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमला किया गया, इसमें चार लोग घायल हुए हैं। ईरान द्वारा तेल टैंकर पर किए गए ड्रोन अटैक के बाद स्काइलाइट टैंकर पर सवार सभी 20 चालक दल के सदस्यों को ओमान की मैरीटाइम सिक्योरिटी ने सुरक्षित निकाल लिया है। इसमें 15 भारतीय नागरिक शामिल हैं। 5 ईरानी नागरिक भी चालक दल का हिस्सा थे, इसमें से 4 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

यह रेस्क्यू ऑपरेशन रॉयल नेवी ऑफ ओमान और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाया गया। तेज कार्रवाई के कारण सभी चालक दल को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। घायलों का इलाज जारी है।

यह घटना ओमान के व्यापारिक बंदरगाह दुक्म के आसपास हाल में हुए ड्रोन हमलों के बाद हुई है। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव के बीच यह पहली बार है जब ओमान के नजदीक किसी जहाज को निशाना बनाया गया है।

वर्तमान हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर अपने नागरिकों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है। कतर, तेल अवीव दूतावास और फिलिस्तीन में मौजूद प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जरूरी दिशानिर्देश के साथ ही कुछ इमरजेंसी नंबर भी जारी किए गए हैं। अपील की गई है कि लोग सुरक्षित जगहों पर रहें, स्थानीय खबरों पर नजर बनाए रखें और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें।

भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे पूरा ध्यान रखें और दूतावास और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें । दूतावास ने अलग-अलग देशों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और कहा है कि ये सभी 24 घंटे मदद के लिए तैयार रहेंगे। कतर में रह रहे भारतीयों के लिए 00974-55647502 नंबर जारी किया है और ईमेल आईडी सीओएनएसडॉटदोहाएटएमईएडॉटजीओवीडॉटइन पर संपर्क साधने को कहा है।

अधिकारियों ने कहा कि यह साफ नहीं हो पाया है कि जहाज पर किसने हमला किया। हालांकि, यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से ईरान रेडियो संदेशों के जरिए जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को धमकियां दे रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m