टुकेश्वर लोधी, आरंग। राजधानी रायपुर के नजदीकी क्षेत्र आरंग में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब वार्ड नंबर 2 स्थित साहू पारा में कुछ हुड़दंगियों ने एक 18 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है। नीरज अपने घर का इकलौता चिराग था, जिसकी मौत के बाद पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मृतक नीरज लोधी होली के दिन अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर घूमने निकला था। जैसे ही वे साहू पारा पहुंचे, वहां पहले से हुड़दंग कर रहे युवकों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हुड़दंगियों ने नीरज को चलती बाइक से नीचे गिरा दिया और बिना किसी बड़ी वजह के उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान नीरज के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने नीरज पर बेहद क्रूरता से वार किए थे। उसके शरीर पर चाकू के तीन गहरे निशान मिले हैं, साथ ही उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं। अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाके में तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात
इस जघन्य हत्याकांड के बाद साहू पारा और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गश्त बढ़ा दी गई है।
आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
आरंग पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, सभी आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की एक टीम संदिग्धों के घरों पर दबिश दे रही है और फरार युवकों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक नीरज लोधी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घर के इकलौते वारिस की इस तरह हत्या होने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। रामनगर चौक स्थित उनके निवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

