हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के OSD रहे प्रवीण कक्कड़ दुबई से सुरक्षित इंदौर लौट आए हैं। खास बात यह रही कि कांग्रेस सरकार में अहम पद पर रहे कक्कड़ ने खुले तौर पर भारत सरकार और यूएई प्रशासन की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि खतरनाक हालात के बीच भारत सरकार, भारतीय एंबेसी और यूएई प्रशासन ने पूरी मदद की, जिसकी वजह से वे सुरक्षित भारत लौट सके।

प्रवीण कक्कड़ ने बताया कि दुबई में जिस होटल में वे ठहरे हुए थे, उससे महज तीन होटल की दूरी पर ड्रोन हमला हुआ था। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया था। उन्होंने कहा कि दुबई में लगातार ड्रोन हमलों की खबरें मिल रही थीं, जिससे परिवार भी चिंतित था कि हम सुरक्षित वापस लौट पाएंगे या नहीं। कक्कड़ ने बताया कि दुबई का सिक्योरिटी सिस्टम बेहद हाईटेक है और ज्यादातर ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया जा रहा था।

ये भी पढ़ें: ईरान-इजराइल तनाव के बीच एमपी सरकार की बड़ी पहल: खाड़ी देश में रह रहे नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी-दिल्ली में कंट्रोल रूम भी बनाया, यहां करें संपर्क

दुबई के बाजार और मॉल खुले रहे

हालांकि कुछ ड्रोन इमारतों से टकराने की घटनाएं भी सामने आईं। इसके चलते प्रशासन ने लोगों को अलर्ट कर दिया था और साफ निर्देश दिए गए थे कि कोई भी व्यक्ति कांच या खिड़कियों के पास न खड़ा हो। उन्होंने कहा कि हालात भले ही तनावपूर्ण थे, लेकिन दुबई की रफ्तार पूरी तरह नहीं थमी थी। बाजार और मॉल खुले हुए थे और सामान्य गतिविधियां जारी थीं। हालांकि माहौल में डर जरूर महसूस हो रहा था।

भारत सरकार की सराहना, UAE सरकार की भी तारीफ

प्रवीण कक्कड़ ने भारत सरकार की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मुश्किल समय में भारतीय एंबेसी लगातार संपर्क में रही और हर संभव मदद की। उन्होंने कहा कि यूएई सरकार ने भी लोगों की सुरक्षा को लेकर सख्त इंतजाम किए हुए थे। कक्कड़ ने यह भी बताया कि इस दौरान अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के फोन आए और सभी ने उनका हालचाल जाना।

ये भी पढ़ें: अल्बानिया से सुरक्षित लौटी MP की रेसलिंग खिलाड़ी: CM डॉ मोहन ने वीडियो कॉल पर की चर्चा, परिवार ने जताया आभार

कांग्रेस नेता ने हालांकि किसी भी पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि मुश्किल वक्त में सभी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में विदेश में फंसे भारतीयों के लिए भारत सरकार और एंबेसी का सहयोग सबसे बड़ी ताकत बनता है और इसी सहयोग से वे सुरक्षित अपने देश वापस लौट पाए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m