Sarguja News Update: जशपुर। दुलदुला के गोड़अम्बा में हुई बस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी और होली क्रॉस हॉस्पिटल कुनकुरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसे का प्रारंभिक कारण बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

इसे भी पढ़ें : CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे लखपति दीदियों से संवाद… BJP कार्यालय में होली मिलन समारोह में होंगे शामिल, CG वायु योजना से फिर शुरू होंगी लोकल उड़ानें, रायपुर में आज से होगी अग्रवाल प्रीमियर लीग की शुरुआत

कलेक्टर रोहित व्यास ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जशपुर जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को कुनकुरी भेजा गया है, ताकि सभी घायलों का शीघ्र और समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

शराब के नशे में पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या,

मनेन्द्रगढ़। मनेंद्रगढ़ से लगे ग्राम चनवारीडांड के वार्ड क्रमांक-1 में गुरुवार को एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर से मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने शराब के नशे में पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार चनवारीडांड निवासी राज पेंटर और उसकी पत्नी सुबरतिया बाई के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों पति-पत्नी शराब के नशे में थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया और गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में सुबरतिया बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शराब के नशे और आपसी विवाद की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।

8 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, सफारी वाहन भी जब्त

सूरजपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लटोरी पुलिस ने करीब 4 लाख रुपए कीमत के 8 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा सफारी वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वाहनों की प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में लटोरी पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी (सीजी 15 ईजी-4455) को पुलिस ने रोका। पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन चालक ने करीब 50 मीटर पहले ही वाहन रोककर वापस मुड़ने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी की, इस दौरान वाहन में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि जीवधन पैकरा (निवासी सोनगरा), सुरेंद्र कुमार लास्कर और ललित यादव (दोनों निवासी बरोधी, थाना भटगांव) को पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 8 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त सफारी वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में शोक का माहौल

एमसीबी। जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में ग्राम पंचायत मेंड्रा निवासी एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मेंड्रा निवासी पुष्पेंद्र सिंह (35 वर्ष), पिता स्व. गुलाब सिंह शुक्रवार सुबह अपने घर से खड़गवां के जनकपुर स्थित साढ़ू भाई के घर जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे शिवपुर बाजार के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शव सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर खड़गवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले भी खड़गवां के कॉलेज के पास हुए एक हादसे में एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद कई वाहन चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने की सलाह देती है, लेकिन लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

भैंस के बछड़े की हत्या के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

अंबिकापुर। शहर के मठपारा इलाके में भैंस के बछड़े को डंडा और पत्थर से मारकर हत्या करने के मामले में मणिपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी विकास मुंडा (25 वर्ष) पिता सोहर राम और परमेश्वर उर्फ पनमेश्वर मुंडा (27 वर्ष) पिता स्व. कहनाई मुंडा, दोनों निवासी मठपारा के खिलाफ कार्रवाई की है।

थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि मठपारा निवासी मोहरलाल यादव ने 26 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी की रात उनका भैंस का बछड़ा घर के बाहर खुला हुआ था। इसी दौरान आरोपी विकास मुंडा और परमेश्वर मुंडा ने डंडा और पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शिकायत के अनुसार जब मोहरलाल यादव की पत्नी ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज भी की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 325, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के नेतृत्व में अनिल पांडेय, सतेंद्र दुबे, अनिल सिंह, उमाशंकर साहू, रामशंकर यादव और रघुनंदन की अहम भूमिका रही।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H