कुंदन कुमार, पटना। बिहार राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी सरगर्मी के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज रविवार (15 मार्च) की शाम बिहार AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल होने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। इफ्तार पार्टी में AIMIM के सभी विधायक भी मौजूद रहे।

हमारे उम्मीदवार की होगी जीत- तेजस्वी

इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान देते हुए कहा कि- हमें पूरा विश्वास है कि हम लोगों के पार्टी का उम्मीदवार इस चुनाव में जीत रहा है। कई अन्य दल के विधायक जो एनडीए के नीति से परेशान हैं, वो भी कल हमारे उम्मीदवार के समर्थन में वोट करेंगे।

वहीं, इस सवाल पर की जदयू मंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि AIMIM के विधायक उनके संपर्क में हैं। इसपर तेजस्वी ने कहा कि, ठीक है। वहीं, बसपा विधायक को लेकर उन्होंने कहा कि, वह भी उनके साथ हैं। इस दौरान अख्तरुल ईमान भी तेजस्वी के साथ मौजूद रहें।

एक तरफ दरिंदा, दूसरी तरफ शिकारी- अख्तरुल ईमान

​बता दें कि राज्यसभा चुनाव को लेकर बीते दिनों अख्तरुल ईमान ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने वर्तमान राजनीतिक हालात पर तंज कसते हुए कहा था कि, एक तरफ दरिंदा है और दूसरी तरफ शिकारी, मैं दोनों से बचकर चलता हूं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेजस्वी से बातचीत के बाद अंतिम फैसला असदुद्दीन ओवैसी लेंगे। वहीं, तेजस्वी ने 10 मार्च को महागठबंधन के विधायकों के साथ बैठक की थी, जिसमें AIMIM के विधायक शामिल नहीं थे।

5 सीट के लिए मैदान में 6 उम्मदीवार

5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं, एक सीट पर एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि राजद से अजय धारी सिंह मैदान में हैं। बिहार में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है।

किंगमेकर बन सकती है AIMIM

एक तरफ जहां, एनडीए के नेता सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ महागठबंधन एक सीट पर अपनी जीत का दावा कर रहा है। दरअसल 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद ने अपने सभी विधायकों को होटल पनाश में ठहराया हुआ है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान की दावत-ए-इफ्तार में शामिल होना यह बता रहा है कि एआईएमआईएम के विधायक महागठबंधंन के उम्मीदवार के समर्थन में अपना वोट कर सकते हैं। यदि होता है, तो 5वें सीट पर महागठबंधन खेला कर सकती है।

ये भी पढ़ें- सारण गैंगरेप-हत्या मामले में पप्पू यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- जब किसी बेटी के साथ…