कुंदन कुमार, पटना। बिहार में 5 सीटों पर हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए कल सोमवार (16 मार्च) को वोटिंग होना है। मतदान से पहले प्रदेश का सियासी माहौल गर्म है। चुनाव के लिए सुबह 9 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान विधायक अपने मतों का प्रयोग कर अपने पसंददीदा नेता को राज्यसभा भेजने का काम करेंगे। चुनाव को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पटना पहुंचे हुए हैं, जहां वे अपने आवास पर बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में सम्राट चौधरी, संजय झा, उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेता मौजूद रहेंगे।

AIMIM की इफ्तार में पहुंचे तेजस्वी

एक तरफ जहां, पांचों सीट पर जीत हासिल करने के लिए एनडीए नेताओं के बैठकों का दौर जारी है। वहीं, 5 विधायक वाली पार्टी एआईएमआईएम ने चुनाव से एक दिन पहले इफ्तार पार्टी का आयोजन कर किंग मेकर की भूमिका में नजर आ रही है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान की इस इफ्तार पार्टी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए। इफ्तार पार्टी में AIMIM के सभी विधायक भी मौजूद रहे।

विधायकों के साथ होटल पनाश में तेजस्वी

तेजस्वी यादव राज्यसभा चुनाव को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। मिली खबर के अनुसार इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद नेता प्रतिपक्ष पनाश होटल में महागठबंधन और ओवैसी के विधायकों के साथ हैं। हालांकि कांग्रेस के 4 विधायक अभी भी होटल नहीं पहुंचे हैं। मनिहारी से मनोहर सिंह, फारबिसगंज से मनोज विश्वास, अररिया सदर से अब्दुर रहमान और वाल्मिकिनगर से सुरेंद्र कुशवाहा का कुछ पता नहीं चल रहा है।

उधर राजद यह दावा कर रही है कि उनके साथ 48 विधायक हैं। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत कहा है कि, मैं 48 हूं 41 तो कम कह रहे हैं, हम कहां से आ रहे हैं आपको पता है..मैं मनेर से आ रहा हूं..मैं मनेर का विधायक हूं..मनेर की जनता ने हमको लाड़ प्यार दिया है। मैं वही से आ रहा हूं।

हमारे उम्मीदवार की होगी जीत- तेजस्वी

इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान देते हुए कहा कि- हमें पूरा विश्वास है कि हम लोगों के पार्टी का उम्मीदवार इस चुनाव में जीत रहा है। कई अन्य दल के विधायक जो एनडीए के नीति से परेशान हैं, वो भी कल हमारे उम्मीदवार के समर्थन में वोट करेंगे।

वहीं, इस सवाल पर की जदयू मंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि AIMIM के विधायक उनके संपर्क में हैं। इसपर तेजस्वी ने कहा कि, ठीक है। वहीं, बसपा विधायक को लेकर उन्होंने कहा कि, वह भी उनके साथ हैं। इस दौरान अख्तरुल ईमान भी तेजस्वी के साथ मौजूद रहें।

5 सीट के लिए मैदान में 6 उम्मदीवार

5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं, एक सीट पर एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि राजद से अजय धारी सिंह मैदान में हैं।

किंगमेकर बन सकती है AIMIM

एक तरफ जहां, एनडीए के नेता सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ महागठबंधन एक सीट पर अपनी जीत का दावा कर रहा है। दरअसल 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद ने अपने सभी विधायकों को होटल पनाश में ठहराया हुआ है।

41 विधायकों का समर्थन जरूरी

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में यदि महागठबंधन का समर्थन AIMIM करती है, तो राज्यसभा की एक सीट उसके खाते में आ सकती है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में AIMIM के विधायक किसके पक्ष में अपना मतदान करते हैं, इसपर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें- सारण गैंगरेप-हत्या मामले में पप्पू यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- जब किसी बेटी के साथ…