Bihar Weather Report: बिहार में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है। मार्च के शुरुआत में ही भीषण गर्मी का सामना कर रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत और आफत दोनों की खबर एक साथ आई है। दरअशल मौसम विभाग ने पटना समेत सभी जिलों के लिए भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में 50 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
तापमान में होगी गिरावट
मौसम में हुए बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। आने वाले दिनों में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रोहतास जिला सबसे गर्म रहा। वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सिय तक रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदलाव
मौसम विभाग ने बिहार में हो रहे मौसम बदलाव के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी को कारण बताया है। इनके प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता पैदा हो गई है, जिससे बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। सतही हवा की दिशा में बदलाव के कारण भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है।
20 मार्च तक बारिश और तूफान वाला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिल सकती है। उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। हालांकि मौसम में बदलाव होने के साथ प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलने वाली है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बिहार के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, पश्चिम चंपारण,सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और सीवान समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

