रायपुर। बस्तर से बड़ी खबर सामने आ रही है। मोस्ट वांटेड सीनियर नक्सली कमांडर पापा राव आज सरेंडर कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उसके बीजापुर पहुंचने की संभावना है, जहां वह अपने 17 साथियों और AK-47 समेत कई अत्याधुनिक हथियारों के साथ सरेंडर करेगा। इसके बाद सुरक्षाबल उसे जगदलपुर ले जाएंगे, जहां वह बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के सामने औपचारिक रूप से सरेंडर करेगा।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पापा राव को लेने के लिए पुलिस बल की टीम पहले ही इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र के एक गोपनीय ठिकाने के लिए रवाना हो चुकी है। लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद अब उसके सरेंडर की स्थिति बनी है।
लाल आतंक का बड़ा चेहरा रहा पापा राव
करीब 25 लाख रुपये के इनामी पापा राव वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) का सदस्य रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, बस्तर में नक्सली गतिविधियों की कमान लंबे समय तक उसी के हाथ में रही है।
उसका नाम कई बड़े हमलों में सामने आ चुका है, जिनमें कुटरू-बेदरे रोड पर हुआ आईईडी ब्लास्ट भी शामिल है। इस ब्लास्ट में 8 जवान शहीद हुए थे, जिसका मास्टरमाइंड भी पापा राव को माना गया। इसके अलावा कई एंबुश और सुरक्षाबलों पर हमलों की रणनीति बनाने में उसकी अहम भूमिका रही है।
पापा राव पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) का एक प्रमुख चेहरा माना जाता रहा है और संगठन के ऑपरेशनल से लेकर रणनीतिक फैसलों में उसकी सीधी भागीदारी रही। उसकी पत्नी उर्मिला भी पीएलजीए बटालियन की सदस्य थी, जो एक मुठभेड़ में मारी जा चुकी है।
नक्सलवाद के खिलाफ मानी जा रही बड़ी सफलता
यदि पापा राव का सरेंडर होता है तो इसे बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ा झटका माना जाएगा। पहले ही कई शीर्ष नक्सली नेता मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं, ऐसे में पापा राव को आखिरी बड़े सक्रिय कमांडरों में गिना जा रहा था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

