अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले से एक मामला सामने आया है, जहां सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में जमीन के मामूली टुकड़े के लिए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार को दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

​लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला

​मृतक की पहचान बाराडीह गांव निवासी स्व. सदरूद्दीन खान के 32 वर्षीय पुत्र हसन रजा खां उर्फ आतिफ खां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद गांव के दो गुटों के बीच एक भूखंड को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। मंगलवार को इसी विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के बाद हमलावरों ने आतिफ खां पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। प्रहार इतने घातक थे कि आतिफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को मरणासन्न स्थिति में अस्पताल भर्ती कराया गया है।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चार गिरफ्तार

​वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए चार लोगों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल घटना के दौरान डराने के लिए किया गया था या नहीं।

​सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल

​इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर मारपीट का एक पुराना वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इसी विवादित जमीन से संबंधित है, जिसमें तीन लोग एक व्यक्ति को गाली देते हुए बर्बरता से पीटते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देख रही है ताकि मुख्य दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।