CG Crime News : जांजगीर-चांपा. जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के बाद से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. इससे पहले इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

जानकारी के अनुसार, राहौद निवासी सुदीप कुमार ने 19 मार्च को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 7:55 बजे वे अपने मकान का दरवाजा खोलकर अंदर गए थे. इसी दौरान करीब 8:00 बजे चार अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आए. आरोपियों ने घर के अंदर रखे दो एप्पल मोबाइल और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया. जब पीड़ित इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें और उनकी पत्नी को जमीन पर पटक कर हाथ, मुक्के और लात-घूंसे से मारपीट की. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिससे तीन आरोपी मौके से फरार हो गए. मोहल्ले के लोगों की मदद से आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को पकड़ लिया गया था. उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है.

पुलिस फरार आरोपियों की भी लगातार तलाश कर रही थी. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22) और श्यामजी सिन्हा उर्फ बुटी (24) दोनों निवासी अकलतरा, को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.