CG Crime News : रायपुर. राजधानी में बढ़ती दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं.


जानकारी के अनुसार शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि टिकरापारा क्षेत्र में कमल होटल के पास दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने अपना नाम कमलेश साहू और संतोष राजपूत उर्फ कालिया बताया. जब पुलिस ने उनसे मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे तो वे टालमटोल करते हुए टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगे. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल टिकरापारा क्षेत्र से चोरी की थी.

आगे की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रायपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र से छह दोपहिया वाहन चोरी किए हैं. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा, गोलबाजार, मौदहापारा, पुरानी बस्ती और आजाद चौक थाना क्षेत्रों में पहले से ही वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं. आरोपियों द्वारा चोरी किए गए वाहनों को ओडिशा ले जाकर बेचने का भी खुलासा हुआ है. इस संबंध में पुलिस आरोपियों से और गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके. पुलिस ने बताया कि कमलेश साहू पहले भी वाहन चोरी और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

