पौड़ी गढ़वाल. सतपुली तहसील अंतर्गत मलेठी गांव में चारापत्ती काटने के दौरान पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया.

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि मलेठी गांव निवासी शर्मिला देवी (40 वर्ष) पेड़ पर चढ़कर चारापत्ती काट रही थीं. तब ही अचानक लगभग 10 फीट की ऊंचाई से वह गिर गईं. गिरने से उनकी कमर में गंभीर चोटें आईं. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल हंस फाउंडेशन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उच्च उपचार के लिए रेफर करने का निर्णय लिया.

इसे भी पढ़ें : विकास का रोडमैपः देहरादून के डेवलपमेंट का मास्टर प्लान 2041 को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज, कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा

चिकित्साधिकारी ने बताया कि मरीज की स्थिति को देखते हुए तत्काल हेली सेवा के लिए संपर्क किया गया. आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला के समन्वय और सक्रिय प्रयासों से शीघ्र हेली सेवा उपलब्ध कराई गई. शासन के निर्देश पर हेली सेवा समय पर हंस फाउंडेशन पहुंची, जहां से घायल महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया.