आशुतोष तिवारी, जगदलपुर/रांची। झारखंड में माओवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है और अब फोकस बचे हुए बड़े नेतृत्व को खत्म करने पर है। इसी कड़ी में जंगल में छिपे माओवादी संगठन के शीर्ष कमांडर मिसिर बेसरा को लेकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के खिलाफ जल्द ही एक बड़ा और निर्णायक ऑपरेशन लॉन्च किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि वह इस समय अपने करीब 70 साथियों के साथ झारखंड के घने जंगलों में छिपा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उसके मूवमेंट से जुड़े इनपुट जुटाए जा रहे हैं।

49 माओवादियों पर 5 करोड़ 47 लाख रुपये का है इनाम

बता दें कि हाल ही में झारखंड पुलिस ने 49 इनामी माओवादियों की सूची जारी की थी, जिसमें मिसिर बेसरा का नाम सबसे ऊपर रखा गया है। इस सूची में शामिल सभी माओवादियों पर कुल 5 करोड़ 47 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। यह दर्शाता है कि सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर अब संगठन के शीर्ष और सक्रिय सदस्य हैं।

देखें इनामी माओवादियों की लिस्ट

सूत्रों के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर ऑपरेशन की विस्तृत रणनीति तैयार की जा रही है। सुरक्षाबलों की कई टीमें संभावित ठिकानों की पहचान कर रही हैं और जमीनी स्तर पर कार्रवाई के लिए तैयारी तेज कर दी गई है।

अधिकारियों का मानना है कि यदि यह ऑपरेशन सफल होता है, तो यह माओवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता साबित होगी। इससे न केवल संगठन की कमर टूटेगी, बल्कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H