हेमंत शर्मा, इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में नगर निगम का बजट पेश होने से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया। एक तरफ जहां करीब 8450 करोड़ रुपए के बड़े बजट की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ परिषद हॉल में तीखा हंगामा देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इस बार का बजट पिछले साल के 8000 करोड़ रुपए से बड़ा होगा और इसमें शहर की बुनियादी जरूरतों पर फोकस किया जाएगा। खासतौर पर स्वच्छ पानी के लिए नई पाइपलाइन, सड़कों के चौड़ीकरण और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के लिए भारी फंड का प्रावधान किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव आज यह बजट पेश करने वाले हैं।लेकिन बजट सत्र शुरू होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।

काली पट्टी बांधकर पहुंचा विपक्ष, दूषित पानी से मौतों पर घेरा

नेता प्रतिपक्ष काली पट्टी बांधकर परिषद में पहुंचे और भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज किया। विपक्ष का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही ने मासूम लोगों की जान ले ली, और अब जिम्मेदारी से बचने की कोशिश हो रही है।

श्रद्धांजलि के बीच हंगामा, पोस्टर पहुंचे भगीरथ पूरा के लोग

स्थिति तब और बिगड़ गई जब परिषद हॉल में भागीरथ के लोग पोस्टर लेकर पहुंच गए। उसी समय महापौर मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे थे। श्रद्धांजलि के बीच ही नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया, जिससे पूरे सदन का माहौल गरमा गया।

महापौर का पलटवार – “कांग्रेसी गुंडा घुसाया गया”

हंगामे के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पोस्टर दिखाने वालों को “कांग्रेसी गुंडा” बताते हुए सीधे विपक्ष पर साजिश का आरोप लगाया।महापौर का कहना है कि यह पूरा हंगामा सुनियोजित था और विपक्ष के इशारे पर ही भागीरथपुरा के लोगों को आगे कर माहौल खराब किया गया।

स्थानीय भी शामिल, सियासत और तेज

हालांकि पोस्टर दिखाने वालों में भागीरथपुरा के स्थानीय रहवासी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। एक तरफ जनता का गुस्सा है, तो दूसरी तरफ इसे लेकर खुलकर सियासत भी हो रही है।

बजट से ज्यादा हंगामे पर नजर

नगर निगम का यह बजट शहर के विकास के लिए अहम माना जा रहा है, लेकिन जिस तरह से सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई है, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने वाला है।अब देखना होगा कि करोड़ों के बजट के बीच जनता के असली मुद्दे दबते हैं या फिर जवाबदेही तय होती है।

पति-पत्नी को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदातः व्यापारी पति को उतारा मौत के घाट,

900 का सिलेंडर ब्लैक में 4000 मेंः गैस की किल्लत पर आधी रात कलेक्ट्रेट का घेराव, छात्रों ने सड़क पर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m