Sports Desk : IPL Fastest Team Fifty World Record: इन दिनों IPL 2026 की धूम है. 7 मार्च की शाम गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में रनों की आंधी आई. राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाजों ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ रनों का ऐसा तूफान लाया कि लगा आज इतिहास बदल जाएगा. 11-11 ओवर के मैच में राजस्थान ने 150 रन ठोक डाले. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने महज 2.4 ओवर (16 गेंद) में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया. दोनों ने मिलकर मुंबई के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए.

वैभव ने 14 बॉल पर 5 छक्के और 1 चौके की मदद से 39 रन ठोके, जबकि जायसवाल 32 बॉल पर 10 चौके और 4 छक्कों के साथ 77 रनों पर नाबाद रहे. 151 रनों का पीछा करते हुए मुंबई 123 रनों तक पहुंच सकी और 27 रनों से मैच हार गई.

इस मुकाबले में वैभव-यशस्वी के तूफान के दम पर राजस्थान ने IPL में अपनी ही सबसे तेज टीम फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी तो कर ली. इससे पहले ये टीम साल 2023 के सीजन में KKR के खिलाफ 2.4 ओवर में 50 रन ठोक चुकी है. 2 बार 2.4 ओवर में 50 रन ठोकने के बाद भी राजस्थान रॉयल्स IPL इतिहास की सबसे तेज ‘फिफ्टी’ का रिकॉर्ड ब्रेक नहीं कर सकी.RR की टीम सबसे तेज फिफ्टी के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 2 गेंद पीछे रह गई.

पिछले 15 साल से IPL में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड कायम है. ये रिकॉर्ड किसी और ने नहीं, बल्कि RCB की टीम ने बनाया था. आज से 15 साल पहले साल 2011 में RCB ने बल्लेबाजी का ऐसा खौफनाक मंजर दिखाया था कि हर कोई हैरान रह गया था.

जब 2011 में गेल-दिलशान ने मचाई थी तबाही

बात साल 2011 के IPL की है, जिसमें कोच्चि टस्कर्स केरल के खिलाफ खेले गए मैच में RCB के बल्लेबाजों ने T20 क्रिकेट की परिभाषा बदल दी थी. 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने शुरू से ही ‘मारधाड़’ की रणनीति अपनाई. महज 14 गेंदों में 50 रन ठोक दिए थे. क्रिस गेल और तिलकरत्ने दिलशान ने मिलकर विपक्षी गेंदबाजों को बेबस कर दिया था. सिर्फ 2.3 ओवर में 50 रन पूरे कर दिए थे. यह IPL में किसी भी टीम द्वारा बनाई गई सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड है.

IPL में सबसे तेज टीम फिफ्टी (लिस्ट)

RCB- 2.3 ओवर (vs KTK, 2011)
RR- 2.4 ओवर (vs KKR, 2023)
RR- 2.4 ओवर (vs MI, 2026)
PBKS- 2.5 ओवर (vs DD, 2018)

मैच का लेखा-जोखा

उस मुकाबले में कोच्चि टीम मुश्किल से 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 125 रनों तक पहुंच सकी थी. फिर RCB के लिए ओपनर क्रिस गेल ने 16 गेंदों पर 44 रन कूटे थे. उन्होंने तिलकरत्ने दिलशान के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 3.5 ओवर में 67 रनों की साझेदारी की थी. RCB ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 13.1 ओवर में 126 रन चेज कर दिए थे.