पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक महिला समेत पुलिस ने 11 आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, 50 से ज्यादा नवजात बच्चों का सौदा कर चुका है।

प्रदीप धनखड़,बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसीपी (क्राइम) प्रदीप नैन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक एक महिला सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक 50 से ज्यादा नवजात बच्चों का सौदा कर चुका है।

सोशल मीडिया के जरिए फैला था जाल

पुलिस जांच के अनुसार, यह गिरोह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ग्राहकों (निसंतान दंपतियों) की तलाश करता था। गिरोह का नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों में फैला हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियां और अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

2 लाख में खरीद, 10 लाख में सौदा

एसीपी प्रदीप नैन ने बताया कि ये तस्कर बच्चों को 2 से सवा 2 लाख रुपये में खरीदते थे और फिर जरूरतमंद निसंतान दंपतियों को 9 से 10 लाख रुपये में बेच देते थे। पुलिस ने गिरोह के पास से 2 नवजात बच्चों को भी सुरक्षित बरामद किया है, जिन्हें फिलहाल चाइल्ड वेलफेयर डिपार्टमेंट (CWC) को सौंप दिया गया है। मामले में अपने ही बच्चों को बेचने वाले दो पिताओं को भी गिरफ्तार किया गया है।

सरगना अब भी फरार

इस गिरोह का मुख्य सरगना पंजाब निवासी ‘लाडी’ बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस काले कारोबार से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।