कुरुक्षेत्र ।कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया, जब खड़ी गेहूं की फसल में आग लगने से लगभग 15 एकड़ फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना गढ़ी सिंघा गांव के खेतों में हुई, जहां कंबाइन हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई चल रही थी। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी पास के सूखे खेत में जा गिरी, जिसके बाद आग ने तेजी से फैलकर विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही समय में आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया और भौर सैयदां गांव तक पहुंच गई।

इन किसानों की फसल को हुआ नुकसान
इस आगजनी में सबसे अधिक नुकसान गढ़ी सिंघा गांव के किसान हरदीप सिंह को हुआ, जिनकी लगभग 7 एकड़ फसल जल गई। वहीं, किसान चंदन सिंह की 4 एकड़ और भौर सैयदां गांव के किसान अजीत सिंह की भी करीब 4 एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

हालांकि स्थानीय किसानों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टरों की मदद से खेत जोतकर आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास किया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। बाद में सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि कटाई के समय ऐसी घटनाएं अक्सर होती हैं, इसलिए सरकार को क्षतिपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m