Bilaspur News Update : कोरबा. एक तरफ हसदेव नदी को संरक्षित करने प्रयास किए जा रहे हैं, दूसरी ओर एचटीपीपी प्रबंधन नदी के पानी में राखड़ घोल कर प्रदूषण फैला रहा है. बार बार की जा रही लापरवाही पर जल संसाधन विभाग ने संयंत्र पर 18 करोड़ से अधिक का जुर्माना जिले के अन्य औद्योगिक संयंत्रों के संचालन में समस्या खड़ी हो रही थी. निगम के जल शोधन में भी परेशानी हो रही थी. जिस पर जल संसाधन विभाग ने कड़ा एक्शन लिया है. हसदेव नदी के जल प्रदूषण को लेकर जल संसाधन विभाग ने सख्त रूख अपनाया है. छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के दर्री स्थित एचटीपीपी पर यह जुर्माना ठोका गया है. बताया जा रहा है कि एचटीपीपी की इस लापरवाही से संयंत्र पर 18 करोड़ रूपए से अधिक का भारी भरकम जुर्माना ठोंका गया है. नगर निगम आयुक्त ने पूर्व में कटघोरा एसडीएम को नदी में किए जा रहे प्रदूषण को तत्काल रोकने के निर्देश देते हुए पत्र लिखा गया था. जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिले के अन्य संयंत्र भी हसदेव नदी के पानी का इस्तेमाल संयंत्र संचालन के लिए करते हैं. राखड़ युक्त पानी के कारण उक्त संयंत्रों के संचालन में परेशानी आ रही थी. जिसे लेकर जल संसाधन विभाग ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच की. जांच में एचटीपीपी प्रबंधन द्वारा नदी में राखड़ घोले जाने की पुष्टि होने पर दो बार वार्निंग दी गई.

सरपंच पर जान से मारने की धमकी का आरोप

बिलासपुर. रतनपुर के लखराम गांव में सरपंच और पंचायत सदस्य के बीच विवाद का मामला सामने आया है. पंचायत के निर्वाचित पंच विनोद कुमार दुबे ने सरपंच रूखमणी साहू पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित विनोद दुबे के अनुसार, 11 अप्रैल की शाम वह लखराम स्थित ढोला होटल में बैठे थे. इसी दौरान सरपंच रूखमणी साहू वहां पहुंचीं और बहुत राजनीति करते हो कहते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगीं. आरोप है कि सरपंच ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने बताया कि पंचायत चुनाव के बाद से ही सरपंच उन पर अपने अनुसार काम करने का दबाव बना रही थीं. किसी मुद्दे पर विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं. आरोप यह भी है कि सरपंच का पुत्र अवैध रेत खनन और अन्य ट्रैक्टर चालकों से वसूली करता है. घटना स्थल के सामने स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हवाला देते हुए पीड़ित ने फुटेज जांच की मांग की है. साथ ही अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.

तालाब किनारे रेत से भरा ट्रैक्टर पलटा, युवक दब कर डूबा, मौत

सक्ती. सुबह का समय, रोज की तरह काम पर निकले तीन युवक, लेकिन कुछ ही घंटों में एक की सांसें हमेशा के लिए थम गईं. ग्राम कचंदा के पास सवाईन तालाब के किनारे हुआ यह हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया, जहां एक ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, ग्राम सारागांव से निकले प्रभात केंवट अपने साथियों संजय कुमार यादव और शिव कुमार केंवट के साथ हसदेव नदी से रेत भरकर ट्रैक्टर से सेंदरी की ओर जा रहे थे. सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन कचंदा पहुंचते ही तालाब के पास जैसे ही ट्रैक्टर आगे बढ़ा, वह अचानक असंतुलित हुआ और देखते ही देखते तालाब में पलट गया. ट्रैक्टर चला रहे प्रभात केंवट संभल भी नहीं पाए और सीधे उसके नीचे दब गए. बचने का मौका नहीं मिला हादसा इतना तेज और अचानक था कि प्रभात न तो बाहर निकल पाए और न ही कोई मदद मिल पाई. ट्रैक्टर के नीचे दबने के साथ ही तालाब के पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के वक्त साथ में बैठे संजय कुमार यादव और शिव कुमार केंवट ने समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई.

37 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए होगा रवाना

सक्ती. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रारंभ की गई “श्री रामलला दर्शन (अयोध्याधाम) योजना” के अंतर्गत प्रदेश के श्रद्धालुओं को नि:शुल्क अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है. इस योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन द्वारा प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा कराई जा रही है. इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को सक्ती जिले से 37 श्रद्धालुओं के दल को बिलासपुर स्टेशन से रवाना किया जाएगा. जिसमे नोडल अधिकारी, कार्यालय कलेक्टर सक्ती जलेश्वर राठौर को नियुक्त किया गया है.

35.200 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़. कलेक्टर के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी वृत्त खरसिया और रायगढ़ उत्तर की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए 35.200 लीटर महुआ शराब जब्त की गई. विभाग को मिली शिकायत के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. जब्त शराब की कुल कीमत 7040 रुपये आंकी गई है.

कार्रवाई के दौरान खरसिया क्षेत्र से आरोपी राजू सिदार के कब्जे से 10.200 लीटर महुआ शराब जब्त की गई. वहीं रायगढ़ उत्तर क्षेत्र में राहुल तिवारी से 15 लीटर और सुरज यादव से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई. तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

विशेष जांच निरीक्षण अभियान

सक्ती. कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशनुसार तथा आयुक्त खाद्य संरक्षण, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में गर्मी मौसम को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विशेष जाँच निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है. गर्मी के मौसम में पैक्ड पानी पाउच, पैक्ड पानी बोतल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स, सॉफ्ट ड्रिंक एवं आइस कैंडी जैसे पेय एवं खाद्य पदार्थों का उपयोग आमजन द्वारा अधिक मात्रा में किया जाता है. इसे ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा जिला सक्ती के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सघन जाँच एवं निरीक्षण किया जा रहा है.

निरीक्षण के दौरान विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम टेमर में रोड के पास मेसर्स मां चंद्रहासिनी जूस सेंटर से आम जूस का नमूना लिया गया, चौपाटी के पास से मेसर्स टंडन गन्ना जूस सेंटर से गन्ना जूस का नमूना लिया गया एवं सक्ती में मेसर्स अवि ट्रेडर्स से कैम्पा लेमन फ्लेवर कार्बोनेटेड ड्रिंक, कैम्पा ऑरेंज फ्लेवर कार्बोनेटेड ड्रिंक, सनक्रश मैंगो ड्रिंक, रस किक मैंगो ब्लिस ड्रिंक, माजा मैंगो ड्रिंक का नमूना लिया गया. साथ ही गन्ना रस एवं जूस सेंटर विक्रेता को हेड कवर एवं हैंड ग्लव भी दिए. साथ ही साथ साफ सफाई रखने के निर्देश भी दिए. इस संबंध में आगे की कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है.

अंबेडकर जयंती में शामिल होने वाले जनगणना प्रशिक्षार्थियों को राहत

बिलासपुर. कलेक्टर एवं जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनगणना प्रशिक्षण में शामिल प्रशिक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है. कार्यक्रम में भाग लेने के कारण अनुपस्थित रहने वालों को अनुपस्थित नहीं माना जाएगा. उनका प्रशिक्षण बाद में पूरा कर लिया जाएगा.

गौरतलब है कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल होते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि 14 अप्रैल 2026 को आयोजित जनगणना प्रशिक्षण में यदि कोई प्रशिक्षार्थी अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों में भाग लेने के कारण अनुपस्थित रहता है, तो उसे अनुपस्थित की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी प्रशिक्षार्थियों का प्रशिक्षण बाद में किसी अन्य उपयुक्त जनगणना बैच के साथ पूर्ण कराया जाएगा, ताकि उनके प्रशिक्षण और जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. इससे अधिकारी-कर्मचारियों को जहां राष्ट्रीय महापुरुष की जयंती में सहभागिता का अवसर मिल सकेगा वहीं शासकीय कार्य भी प्रभावित नहीं होगी.