CSK vs KKR IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 22वें मुकाबले में आज 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। इस सीजन में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत है। इस सीजन में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और वे अंक तालिका में नीचे संघर्ष कर रही हैं। CSK ने 4 में से सिर्फ 1 मैच जीता है और 3 में हार का सामना किया है, जबकि KKR भी 4 में से 3 मैच हार चुकी है और एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

पॉइंट्स टेबल में CSK 9वें स्थान पर है, जबकि KKR 10वें पायदान पर काबिज है। ऐसे में CSK की नजर अपने घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी, वहीं KKR इस सीजन की पहली जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

बता दें कि यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (चेपॉक) में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

CSK का पलड़ा मजबूत, KKR पर पहली जीत का दबाव

चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 115 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने 4 विकेट लिए, जबकि गुरजपनीत सिंह और अकील हुसैन ने भी प्रभावित किया। हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।

वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स अब भी पहली जीत की तलाश में है। लखनऊ के खिलाफ टीम जीत के करीब पहुंची थी, लेकिन मौका गंवा दिया। कप्तान अजिंक्य रहाणे और रिंकू सिंह से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जबकि कैमरन ग्रीन भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

CSK बनाम KKR हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल में दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो इसमें CSK का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 32 मैच खेले गए हैं, जिसमें CSK ने 20 बार, जबकि KKR ने 11 बार जीत दर्ज की है। इस दौरान एक मैच बेनतीजा भी रहा है।

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) की पिच रिपोर्ट

चेपॉक की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती रही है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां बल्लेबाजों को भी अच्छा सपोर्ट मिलने लगा है। ओस का प्रभाव दूसरी पारी में अहम रहता है, जिससे रन चेज करना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है। यही वजह है कि टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती हैं।

इस सीजन अब तक यहां खेले गए दोनों मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन बने हैं। पहले मैच में पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था, जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली 212 रन का टारगेट चेज करने में नाकाम रही थी।

चेपॉक में आईपीएल के आंकड़े

चेपॉक में अब तक कुल 93 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 52 मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम 41 बार सफल रही है। यहां का सर्वोच्च टीम स्कोर 246/5 है, जो चेन्नई ने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।

चेपॉक में कैसा है CSK और KKR का प्रदर्शन?

CSK के घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में भी उनका रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। यहां खेले गए 10 में से 8 मैचों में CSK ने जीत हासिल की है। KKR के लिए CSK को उसके घर में हराना हमेशा से बहुत मुश्किल रहा है।

CSK और KKR की संभावित प्लेइंग 11

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)

संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह

इम्पैक्ट प्लेयर: अकील हुसैन

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी

इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव अरोरा

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H