IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए आज का दिन दोहरी खुशियों और गौरवशाली इतिहास का गवाह बना। ठीक 18 साल पहले, 18 अप्रैल 2008 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से ही दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग के सफर की शुरुआत हुई थी। आज 18 अप्रैल 2026 को जब लीग ने अपने 18 साल पूरे किए, तब इसी मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेले जा रहे मुकाबले ने एक नया इतिहास रच दिया।

‘होम ग्राउंड’ पर मैचों का शतक

आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में उतरते ही आरसीबी ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम कर ली है। आरसीबी अब आईपीएल के इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने एक ही वेन्यू (चिन्नास्वामी स्टेडियम) पर अपने 100 मुकाबले पूरे किए हैं। जिस मैदान से आईपीएल का जन्म हुआ, उसी मैदान पर मैचों का शतक पूरा करने का यह संयोग क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।

खास जर्सी में उतरी ‘ग्रीन आर्मी’

इस ऐतिहासिक अवसर को और भी यादगार बनाने के लिए आरसीबी की टीम अपनी पारंपरिक लाल जर्सी के बजाय हरी जर्सी पहनकर मैदान में उतरी।

पर्यावरण का संदेश: यह टीम की ‘ग्रीन इनिशिएटिव’ पहल का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी।
सस्टेनेबिलिटी: यह विशेष जर्सी रीसाइकिल्ड मटेरियल से तैयार की जाती है, जो पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का संदेश देती है।

18 साल पहले हुआ था पहला मैच

ठीक 18 साल पहले आईपीएल के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टक्‍कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुई थी। जब प्‍लेयर आईपीएल का ककहरा सीख रहे थे तब न्‍यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम ने पहले ही मैच में इस लीग के भविष्‍य को भांप लिया था। उन्‍होंने 73 गेंदों पर 158 रन की अविश्‍वसनीय पारी खेल दी थी। KKR ने RCB को आईपीएल के पहले मैच में 140 रन से शिकस्‍त दी थी। KKR के 222 रन के जवाब में RCB 82 रन पर ढेर हो गई थी।

स्टेडियम में फैंस का सैलाब

चिन्नास्वामी स्टेडियम का कोना-कोना आज जोश और शोर से भरा हुआ है। आईपीएल की 18वीं वर्षगांठ और टीम के 100वें घरेलू मैच का गवाह बनने के लिए हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे हैं। हर रन और हर विकेट पर दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। चिन्नास्वामी, जो लंबे समय से आरसीबी का अभेद्य किला रहा है, आज अपने इतिहास के सबसे गौरवशाली दिन को जी रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H