PBKS vs LSG IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर के दूसरे और सीजन के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीमें आमने-सामने हैं। LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पंत ने बताया कि दिग्वेश राठी की जगह एम सिद्धार्थ यह मैच खेल रहे हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर ने पिछले मैच की प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

लखनऊ ने सीजन की शुरुआत सकारात्मक अंदाज में की थी, लेकिन लगातार 5 मैचों में 3 हार के बाद टीम दबाव में नजर आ रही है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने खेले गए 5 में से 4 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऐसे में पंजाब पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मैच में उतरने को तैयार है।

बता दें कि PBKS और LSG के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। उससे पहले आइए मैच से पहले दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

LSG की बल्लेबाजी चिंता का कारण

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी इस सीजन में अपेक्षित स्तर पर प्रदर्शन नहीं कर सकी है। टीम का रन रेट महज 8.1 है, जो इस टूर्नामेंट में सबसे कम है। मुकुल चौधरी 127 रन के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर हैं, लेकिन इनमें से 54 रन एक ही मुकाबले में आए हैं, जिससे टीम की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी साफ झलकती है। हालांकि, टीम के लिए राहत की खबर यह है कि ऋषभ पंत पूरी तरह फिट हैं और इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

गेंदबाजी में LSG की उम्मीदें बरकरार

बल्लेबाजी में लखनऊ संघर्ष कर रही है, लेकिन गेंदबाजी विभाग ने टीम को संभाले रखा है। नई गेंद से मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने पावरप्ले में प्रभावी प्रदर्शन किया है। यदि ये गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी पर दबाव बनाया जा सकता है। खासकर पंजाब के मिडिल ऑर्डर की अभी तक ज्यादा परीक्षा नहीं हुई है, जिसे लखनऊ भुनाने की कोशिश करेगा।

PBKS की बल्लेबाजी में आक्रामक तेवर

पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी इस सीजन में बेहद आक्रामक और प्रभावशाली रही है। टीम का रन रेट 10.9 है, जो उन्हें सबसे खतरनाक बल्लेबाजी इकाइयों में शामिल करता है। ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या शानदार फॉर्म में हैं, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने मिडिल ऑर्डर में निरंतरता के साथ प्रदर्शन करते हुए तीन अर्धशतक लगाए हैं। खास बात यह है कि पंजाब ने दो बार 200 से अधिक के लक्ष्य का सफल पीछा किया है, जो उनकी गहराई और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

इस मुकाबले में दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ियों पर विशेष नजरें रहेंगी। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह की वापसी टीम को मजबूती देती है, जिन्होंने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी। वहीं, लखनऊ के अब्दुल समद पर प्रदर्शन का दबाव बढ़ गया है। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते उनकी टीम में जगह पर सवाल उठ रहे हैं और इस मुकाबले में उन्हें खुद को साबित करना बेहद जरूरी होगा।

महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच संतुलित मानी जाती है, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलती है। पावरप्ले के दौरान नई गेंद के साथ तेज गेंदबाज असरदार रहते हैं, जबकि मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स खेल में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, डेथ ओवर्स में ओस का असर पड़ने से बल्लेबाजी आसान हो जाती है। इस मैदान पर करीब 170 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण माना जाता है और शाम के मुकाबलों में ओस के कारण लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को हल्का फायदा मिलता है। मौजूदा सीजन में यहां खेले गए दोनों मुकाबले पंजाब ने चेज करते हुए जीते हैं—गुजरात के खिलाफ 163 और हैदराबाद के खिलाफ 220 रन का लक्ष्य हासिल किया गया। ऐसे में आज भी टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकता है।

आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो इस मैदान पर अब तक 13 मैच खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 6 मुकाबले (46.15%) जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम 7 बार (53.85%) सफल रही है। टॉस जीतने वाली टीम ने 9 मैच (69.23%) जीते हैं, जबकि टॉस हारकर सिर्फ 4 मुकाबलों (30.77%) में जीत मिली है। इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 228/5 और न्यूनतम स्कोर 95 रहा है, जबकि चेज में सबसे बड़ा स्कोर 223/4 दर्ज किया गया है। औसतन प्रति विकेट 24.66 रन और प्रति ओवर 8.97 रन बनते हैं, वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 172.23 रहा है।

PBKS बनाम LSG हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल के इतिहास में PBKS और LSG के बीच कांटे की टक्कर रही है। इस लीग में 6 बार दोनों टीमों की भिड़ंत हुई है। इस दौरान पंजाब ने 3 तो लखनऊ ने भी 3 मैच जीते हैं। आज देखना दिलचस्प होगा कि कौन इस राइवलरी में बढ़त बनाता है।

PBKS और LSG की प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स (PBKS)

प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

इम्पैक्ट प्लेयर- विजयकुमार वैश्य, हरप्रीत बराड़, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, विष्णु विनोद

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ, मोहसिन खान

इम्पैक्ट प्लेयर- अब्दुल समद, दिग्वेश सिंह राठी, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मयंक यादव, हिम्मत सिंह

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H