KKR vs RR IPL 2026: आईपीएल 2026 के डबल हेडर के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 4 विकेट से हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में KKR ने 156 रन के लक्ष्य को 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 46 रन, यशस्वी जायसवाल ने 39 रन, शिम्रोन हेटमायर ने 19 और कप्तान रियान पराग ने 15 रन का योगदान दिया। हालांकि, इन चार बल्लेबाजों के अलावा कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल सका।

रिंकू सिंह की मैच विनिंग पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन मैच के निर्णायक मोड़ पर रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। रिंकू ने 34 गेंदों पर नाबाद 53 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उनके अलावा अनुकूल रॉय (29), कैमरून ग्रीन (29) और रोवमैन पॉवेल (23) ने भी अहम योगदान दिया।

गेंदबाजी में राजस्थान का प्रयास नाकाम

राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने कोशिश जरूर की, लेकिन जीत नहीं दिला सके। टीम के लिए रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश पुंजा और रवि बिश्नोई को 1-1 सफलता मिली।

KKR ने खोला जीत का खाता, RR की दूसरी हार

इस जीत के साथ ही KKR ने सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। इससे पहले टीम को 6 में से 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं राजस्थान की यह लगातार दूसरी हार रही और टीम 8 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि कोलकाता पहली जीत के साथ 9वें नंबर पर पहुंच गई है।

आगे का शेड्यूल

राजस्थान रॉयल्स अब अपना अगला मुकाबला 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेलेगी। वहीं, KKR की टीम भी 26 अप्रैल को LSG के खिलाफ मैदान में उतरेगी। दोनों ही मुकाबले लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H