राशिपुरम (तमिलनाडु): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तमिलनाडु की राशिपुरम विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर BJP प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के समर्थन में जनता से वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों DMK और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। सीएम मोहन ने कहा, “दूसरी जयललिता न खड़ी हो जाए, इसलिए सारा विपक्ष एक हो गया और महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया।” 

READ MORE: इंदौर में डॉक्टरों की ‘पाकिस्तानी डिग्रियों’ का खेल? जनसुनवाई में 32 डॉक्टरों पर फर्जीवाड़े के आरोप, जांच के आदेश

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर था कि कोई गरीब की बेटी, किसान की बेटी या सामान्य परिवार की बहन संसद या विधानसभा तक न पहुंच जाए। सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में तमिलनाडु और तमिल भाषा बसती है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, अम्मा जयललिता और कार्टूनिस्ट आरके लक्ष्मण को श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने धन की चाबी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपी है। देश के साथ-साथ तमिलनाडु भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।” विदेश मंत्री एस. जयशंकर को तमिलनाडु का गौरव बताते हुए उनका भी जिक्र किया।

READ MORE: नारी शक्ति वंदन अधिनियम: 27 अप्रैल को बुलाया गया मध्य प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र, अधिसूचना जारी 

मोहन यादव ने डीएमके और कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, “ये दोनों पार्टियां एक ही खानदान से चल रही हैं। इनका मंत्र है – तुम भी लूटो, हम भी लूटें।”राशिपुरम की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “यहां न पीने का पानी है, न सिंचाई की व्यवस्था। जो सरकार पानी नहीं दे सकती, वो सरकार निकम्मी है और बदलनी चाहिए।”अंत में मोहन यादव ने जनता से अपील की, “आपके मन के भाव बता रहे हैं कि यहां NDA की सरकार बन रही है। 4 मई को भारी जीत का जुलूस निकालेंगे। आखिरी वोट तक शांति से न बैठें।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m