Bihar Top News Today 26 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो-निशांत जैसा हो
पटना। जदयू कार्यालय में आज रविवार (26 अप्रैल) को दानवीर भामाशाह की जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भामाशाह को याद करते हुए उनकी पुण्यतिथि मनाई। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे। कुछ देर रहने के बाद नीतीश कुमार किसी दूसरे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जदयू कार्यालय से रवाना हो गए। नीतीश कुमार के जाने के बाद निशांत कुमार भी जदयू कार्यालय पहुंचे और भामाशाह जयंती समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने भामाशाह के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी पुण्यतिथि मनाई।
एक्शन में CM सम्राट
पटना। सीएम सम्राट चौधरी आज रविवार को मुंगेर जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान वे अपने विधानसभा क्षेत्र तारापुर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पीएम मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड को सुना। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में उन अधिकारियों को भी चेताया, जो अक्सर फाइल दबा कर बैठ जाते हैं। बता दें कि सीएम बनने के सम्राट चौधरी पहली बार अपने विधानसभा तारापुर पहुंचे हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि, बिहार को विकसित बनाने का जो सपना पीएम मोदी ने देखा है। उसे पूरा करना है। जिस तरह दुनिया को शांति देने का काम भगवान बुद्ध ने किया था। लंबे समय तक नीतीश कुमार ने बिहार को सजाया है। सड़क बिजली, पानी पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि, पूरे प्रदेश में मैं देखता था कि ब्लॉक की स्थिति थोड़ी गड़बड़ थी। इसके बाद मैंने यह फैसला लिया है कि अब मुख्यमंत्री कार्यालय ब्लॉक, अंचल और थाने की मॉनीटरिंग का काम करेगा। आपकी समस्या खत्म होगी।
पुलिसकर्मी ने की खुदकुशी
Patna News: राजधानी पटना में कल शनिवार की देर रात रिजर्व गार्ड के एक हवलदार ने खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान BSAP 1 में पोस्टेड रिजर्व गार्ड के हवलदार नवराज सुनार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक गार्ड लंबे समय से गंभीर बीमारियों से ग्रसित था, जिसे लेकर वह तनाव में रहता था। पूरा मामला सचिवालय थाना क्षेत्र का है। वहीं, खुदकुशी की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटना की जनाकीर मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल छा गया।
शराबियों को छोड़ने के लिए पुलिसवालों ने मांगी फिरौती
Bihar crime: जमुई और नवादा जिले के बीच पुलिस की कार्रवाई का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने महकमे को शर्मसार कर दिया है। जमुई पुलिस ने नवादा में तैनात दो एएसआई (ASI) और दो होमगार्ड जवानों को अपहरण और फिरौती वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले की शुरुआत नवादा जिले के कौआकोल उत्पाद पुलिस चेक पोस्ट से हुई। गुरुवार को वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक कार रोकी, जिसमें तीन युवक सवार थे। ब्रेथ एनालाइजर जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। यहीं से नियमों को ताक पर रखकर ‘सेटिंग’ का खेल शुरू हुआ। पुलिसकर्मियों ने युवकों को जेल भेजने के बजाय मोटी रकम के बदले छोड़ने का सौदा करना शुरू कर दिया।
बच्ची से रेप की कोशिश के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पटना। शहर के बाईपास थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय मासूम छात्रा की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पटना एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पूरी घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 22 तारीख को पटना पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्ची का शव बरामद हुआ है। जांच में पता चला कि बच्ची दूध लेने के लिए अपने घर से निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और जांच में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली।
एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
गया। झारखंड के हजारीबाग जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहां शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। गया जिले के रहने वाले ये सभी लोग कार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ जंगल स्थित घाटी में उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उत्पाद विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
सहरसा। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सहरसा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस विशेष अभियान के दौरान टीम ने चार सक्रिय शराब कारोबारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
टॉवर पर चढ़ी प्रेमिका, घंटो तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
छपरा। सारण जिले के दाऊदपुर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरा इलाका देर तक हाई वोल्टेज ड्रामे का केंद्र बना रहा। बताया जा रहा है कि युवती का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी संबंध को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके बाद आक्रोशित युवती अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर पर चढ़कर वह लगातार अपनी बात मनवाने की जिद पर अड़ी रही, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पटना जू में जानवरों के लिए लगे 17 कूलर-11 एसी
पटना। शहर के संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में तपती गर्मी और लू से वन्यजीवों को बचाने के लिए प्रशासन ने ‘वीआईपी’ इंतजाम किए हैं। जानवरों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए कूलर, एसी और खास डाइट का सहारा लिया जा रहा है।
जू प्रशासन ने जानवरों के नाइट हाउस और बाड़ों में 17 कूलर और 53 पंखे लगाए हैं। सबसे खास इंतजाम सरीसृप और निशाचर जीवों के लिए है। सांपघर, मछलीघर और निशाचर भवन में कुल 11 एसी लगाए गए हैं, ताकि अजगर, कोबरा और वाइपर जैसे जीवों को ठंडे फर्श का अहसास मिले। बाघ, शेर, तेंदुआ और भालू की गुफाओं में भी कूलर की ठंडी हवा का इंतजाम है।
मां ने 5 महीने की बच्ची को उतारा मौत के घाट
Bihar Crime: बिहार की राजधानी पटना से मानवता को झकझोर कर रख देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी 5 महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं बेजुबान की हत्या करने के बाद उसने इसका इंजाम अपनी सांस के ऊपर डाल दिया। पूरा मामला मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा पंचायत की है। मृत बच्ची की पहचान मेकरा पंचायत के वार्ड नंबर 6 की निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि आरोपी महिला जिसका नाम चांदनी देवी है। उसका पति गुजरात (गांधीनगर) में मजदूरी का काम करता है, जिसने अपनी बहन की शादी के लिए मां के खाते में 20 हजार रूपए भेजे थे। इस बात को लेकर चांदनी काफी गुस्से में थी, जिसे लेकर दोनों पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

