Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए 3 लाख के सामान से भरा बैग उसके मालिक को लौटाया. दरअसल, शिवघाट के पास बस से उतरकर यात्री अपना कीमती बैग भूल गया था. बैग में सोना, चांदी और कपड़े सहित करीब 3 लाख की संपत्ति थी. गश्त के दौरान पुलिस ने बैग बरामद करने के बाद मालिक तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी खंगाले. जिसके बाद झारखंड निवासी शेख आलमगीर को सौंपा गया बैग. बैग में लगा ताला खुलवाकर पूरी तस्दीक कराई गई. सुरक्षित सामान पाकर युवक ने बिलासपुर पुलिस का धन्यवाद किया.
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से शिवांश को मिला नया जीवन
बिलासपुर. मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 15 वर्षीय शिवांश को नया जीवन मिला है. 15 लाख की स्वास्थ्य सहायता से शिवांश का डॉक्टरों की निगरानी में बेहतर इलाज संभव हो पाया. बेटे की जिंदगी बचने पर परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया, वहीं भावुक पिता ने इसे संवेदनशील पहल बताते हुए कहा कि इस योजना ने उनके बेटे को नया जीवन दिया है. आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए यह पहल उम्मीद की किरण साबित हुई है और इस तरह की योजनाएं गरीब व जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान बन रही हैं.
वनकर्मियों के साथ मारपीट करने वाले 4 गिरफ्तार
बिलासपुर. थाना कोटा क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. घटना 11 अप्रैल की सुबह की है, जब प्रार्थी रवि कुमार जगत अपने स्टाफ के साथ करपिहा जंगल में ड्यूटी पर मौजूद थे. इसी दौरान सुबह करीब 8:30 बजे संदास उर्फ संतदास टंडन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और लकड़ी चोरी के विवाद को लेकर शासकीय कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने चारों आरोपियों-संदास उर्फ संतदास टंडन (25), मुक्तामणि टंडन (21), सुखराम टंडन (23) और गुलशन सुल्तान (25), सभी निवासी ग्राम सोनबंधा थाना तखतपुर-को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
खाद व्यापारी आज बंद रखेंगे दुकानें
मुंगेली. मुंगेली थोक एवं फुटकर खाद्य व्यापारियों द्वारा रासायनिक खाद के व्यापार में हो रही परेशानियों को लेकर सोमवार 27 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय अपने प्रतिष्ठान को बंद कर देश के प्रधानमंत्री, कृषि एवं रसायन मंत्री मंत्री को अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौपेंगे. जिनमें उर्वरक कंपनियों के द्वारा सब्सिडी वाले खाद के साथ और अनुपयोगी उत्पादों को उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर गैर अनुदानित बेचने की बाध्यता पर रोक लगाई जाए. रासायनिक खाद की सप्लाई बिक्री केंद्रों तक पहुंचाई जाए एवं बढ़ती लागत तथा महंगाई को देखते हुए डीलरों की मार्जिन कम से कम 8% की जाए साथ ही साथ ही पोर्टल में राहत देते हुए इस पोर्टल को वैकल्पिक बनाया जाए तथा खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाइयों के सील बंद पैकिंग में नमूना फेल होने पर विक्रेताओं को अपराधी नहीं बल्कि केवल गवाह माना जाए. जिला स्तर पर एक समिति बनाई जाए जो कि ग्राहकों की फर्जी शिकायत पर जांच करने के बाद ही आगे कार्रवाई के लिए अपनी अनुशंसा दे साथ ही हर वर्ष पीसी जोड़ने की अनिवार्यता समाप्त की जाए सहित अन्य मांगों को लेकर जिलाधीश कार्यालय में ज्ञापन सौंपा जाएगा.
लापता स्कूल लिपिक का तालाब में मिला शव
अकलतरा. नरियरा के तालाब में विगत दिनों लापता हुए रामकुमार निर्मलकर का शव तालाब में पाया गया. जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पानी में डूबे रहने के कारण शव सड़ गया था. जिसके कारण उसका दोपहर में ही अंतिम संस्कार किया गया. जानकारों ने बताया कि वह विगत कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था जिसका कारण पता नहीं चल सका. रामकुमार निर्मलकर पिता स्व. खोलबहरा निर्मलकर उम्र 46 वर्ष 13 अप्रेल को सुबह घर से नहाने जाने की बात कहकर निकले, किन्तु उनके शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की तथा पुलिस थाने में इसकी सूचना दी थी. जिस पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर जांच में जुट गई थी.
दिव्यांगों की योजनाओं पर अनियिमतता का लगा आरोप
जांजगीर-चांपा. मुख्यमंत्री निवास में लगने वाले जनदर्शन में जांजगीर और सक्ती जिले में पदस्थ प्रभारी सहायक संचालक और लिपिक पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए दिव्यांगों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है. सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि सक्ती जिले के लिए बनाए गए प्रभारी सहायक संचालक और जांजगीर कार्यालय में पदस्थ लिपिक द्वारा ना केवल फर्जी बिलिंग कर भुगतान प्राप्त किया जा रहा है, बल्कि उनके द्वारा दिव्यांगों के लिए चलाए जा रहे योजनाओं में भी पलीता लगाया जा रहा है. ज्ञापन में बताया जा रहा है कि
दिव्यांगों की योजना निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना में 10 से 20 हजार रुपए लिए बिना राशि प्रदान नहीं की जाती. इसी तरह राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना में 3 हजार, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्री योजना में 3 से 5 हजार, दिव्यांगों को मिलने वाले सहायक उपकरण, ट्रायसायकल आदि में 3 से 5 हजार रुपए तक राशि की मांग की जाती है, तब जाकर योजना का लाभमिलता है. साथ ही प्रभारी सहायक संचालक पर यह भी आरोप लगाया गया है कि वे सप्ताह में एक-दो दिन ही सक्ती पहुंचते हैं और ज्यादातर समय जांजगीर कार्यालय में ही रहते हैं और वहीं से कामकाज का संचालन करते हैं. दिव्यांगों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रभारी सहायक संचालक और लिपिक पर कार्रवाई करते हुए अन्य जिला स्थानांतरण की मांग की गई है. ज्ञापन पर मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्रवाई करते हुए कलेक्टर से जांच कर प्रतिवेदन मांगा गया है.
टीपाखोल बांध में डूबकर किशोर की मौत
रायगढ़. कोतरा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत टीपाखोल डैम में शनिवार से लापता एक किशोर की डूबने की घटना प्रकाश में आई है जिसमें पुलिस ने बच्चे की लाश बरामद कर ली है. पुलिस के अनुसार तमनार निवासी 17 वर्षीय सार्थक वैष्णव शनिवार सुबह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तमनार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. रविवार को डैम के किनारे उसकी लावारिस बाइक और चप्पलें मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया. जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीम को मौके पर बुलाया और गोताखोरों ने डैम के गहरे पानी में तलाश शुरू किया. करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि मृतक के पिता दिलीप वैष्णव जिंदल पावर लिमिटेड में कार्यरत हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

