MI vs SRH IPL 2026: आईपीएल 2026 के 41वें मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम पर एक हाईस्कोरिंग और रोमांचक मैच देखने को मिला, जहां सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई ने रायन रिकेल्टन (Ryan Rickelton) के धमाकेदार शतक की बदौलत 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन हैदराबाद ने ट्रेविस हेड (Travis Head) और हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen) की शानदार फिफ्टी की मदद से लक्ष्य को 18.4 ओवर में हासिल कर लिया।

MI ने बनाया विशाल स्कोर, रिकेल्टन ने जड़ा शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बनाए। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी रही रायन रिकेल्टन की, जिन्होंने नाबाद 123 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में शतक पूरा किया और मुंबई के लिए आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज विल जैक्स ने 46 रन बनाए। वहीं कप्तान हार्दिक पांड्या ने 31, नमन धीर ने 22 और तिलक वर्मा ने 7 रन बनाए।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। उनके अलावा ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।
SRH ने हासिल किया 244 रन का टारगेट
244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

टीम के लिए ट्रेविस हेड ने 76 रन (30 गेंद, 8 छक्के) की तूफानी पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासेन ने नाबाद 65 रन (30 गेंद) बनाकर अंत तक टिके रहे। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 45 रन (24 गेंद), नितीश कुमार रेड्डी ने 21 रन और सलिल अरोड़ा ने नाबाद 30 रन की पारी खेली। ट्रैविस हेड और क्लासेन की विस्फोटक फिफ्टी ने मैच का रुख पूरी तरह SRH के पक्ष में मोड़ दिया और टीम को शानदार जीत दिलाई।
मुंबई के गेंदबाजों का नहीं दिखा दबदबा
बड़े स्कोर का बचाव करने उतरी मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह असरदार साबित नहीं हो सकी। मुंबई की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 41 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 54 रन खर्च किए। आमिर गजनफर ने 51 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं कप्तान हार्दिक पांड्या ने 3.4 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिया।
मुंबई को छठी हार
इस हार के साथ मुंबई इंडियंस को मौजूदा आईपीएल सीजन में लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है और यह उनकी छठी हार है। वहीं SRH इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (MI vs SRH IPL 2026)
मुंबई इंडियंस (MI)
रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, एएम ग़ज़नफ़र, अश्विनी कुमार
इम्पैक्ट प्लेयर: मयंक रावत, रघु शर्मा, शार्दुल ठाकुर, कृष भगत, राज बावा
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा
इम्पैक्ट प्लेयर: अनिकेत वर्मा
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

