अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जहां एक ओर विदाई के गीत गूंज रहे थे वहीं दूसरी तरफ उसी आंगन से अर्थी उठने लगी। दुल्हन की डोली और ससुर की अर्थी एक साथ निकलने का मंजर हर किसी की आंखें नम कर गया, यह ह्रदयविदारक घटना जिले के गोहपारू के गांव से सामने आई है।
नाचते समय गिरे, फिर उठे ही नहीं
शहडोल के गोहपारु थाना क्षेत्र के ग्राम पहलवा में रीना सिंह की शादी जयसिंहनगर के ग्राम गजनी निवासी हरीश सिंह से पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई। रातभर शादी की खुशियां, रस्में और जश्न का माहौल रहा। सुबह आदिवासी परंपरा के अनुसार, विदाई से पहले हल्दी-पानी की रस्म चल रही थी। परिजन और बाराती नाच-गाकर इस पल को यादगार बना रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के पिता धरमदास परस्ते भी खुशी में झूमते नजर आए, लेकिन अचानक वे नाचते-नाचते अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े, आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: शादी के 2 दिन बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी: फंदा और कुर्सी टूटने से बची जान, अस्पताल में भर्ती
ससुर की अर्थी के पीछे-पीछे ससुराल पहुंची दुल्हन
यह खबर जैसे ही घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। दूल्हा खुद को संभाल नहीं पा रहा था। एक तरफ नई जिंदगी की शुरुआत, दूसरी तरफ पिता को खोने का गहरा सदमा, आखिरकार ग्रामीणों के समझाने पर दुल्हन की विदाई भी हुई और पिता का शव भी गांव ले जाया गया। दुल्हन, आंसुओं के साथ अपने ससुर की अर्थी के पीछे-पीछे ससुराल पहुंची। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
अचानक पसर गया सन्नाटा
कहते हैं कि काल कब और किस रूप में आ जाए, कोई नहीं जानता, शहडोल जिले के गोहपारु थाना क्षेत्र के ग्राम पहलवा में एक ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर पत्थर दिल भी पसीज गए, जहां कुछ ही पलों पहले शहनाइयों की गूंज थी और खुशियों का उल्लास था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया और देखते ही देखते शादी का उजला मंडप मातम के साये में सिमट गया।
ये भी पढ़ें: लू के थपेड़ों के बीच देसी जुगाड़: बारात में बैंड बाजे के साथ दौड़ा कूलर!, देखें वीडियो
जांच पड़ताल जारी
वहीं इस पूरे मामले में गोहपारू थाना प्रभारी राज कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गजनी से एक बरात गोहपारू थाना क्षेत्र के पहलवाह गई थी। विदाई के समय दूल्हे के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों में मेडिकल परीक्षण के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

