आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। धरमपुरा स्थित वेदमाता गायत्री शिक्षा महाविद्यालय में बीएड-डीएड के छात्रों से उपस्थिति ( अटेंडेंस) लगाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों से उपस्थिति के नाम पर मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं। लल्लूराम डॉट कॉम ने छात्रों से शिकायत मिलने के बाद इसकी पड़ताल की और अपने स्टिंग में पाया कि महाविद्यालय के प्रोफेसर्स, प्रोफेसर कामना वर्मा ऐसे छात्रों को कॉल कर बुला रही है, जिनकी अटेंडेंस कम है और उसके बाद उपस्थिति लगाने के लिए उनसे पैसे की डिमांड की जा रही है।

पड़ताल में पता चला कि किसी छात्र से 15 हजार तो किसी से 20 से 25 हजार रुपए सेमेस्टर के हिसाब से डिमांड की जा रही है और पैसे नहीं देने पर परीक्षा में बैठने नहीं देने की बात कही जा रही है। खास बात यह है कि छात्रों द्वारा इसकी रसीद मांगने पर कोई रसीद नहीं दी जा रही है। खुलेआम इन जिम्मेदारों द्वारा छात्रों से अवैध वसूली की जा रही है।

narayana

छात्र ने बताया – उपस्थिति की पूर्ति के लिए दिया हूं 35 हजार

लल्लूराम डॉट कॉम की स्टिंग में एक छात्र ने बताया कि एक बंद कमरे में राजीव निगम सर और प्रोफेसर कामना वर्मा मैडम के द्वारा यह रकम ली जा रही है। खुद उसने 35 हजार रुपए दिया, क्योंकि एग्जाम में बैठने के लिए 75 से 80% अटेंडेंस अनिवार्य है। ऐसे में जिन छात्रों की अटेंडेंस कम है उनसे पैसे लेकर उपस्थिति पूर्ति की जा रही है। बाकयदा ऐसे छात्रों को कॉल कर कॉलेज बुलाया जा रहा है और पैसे की डिमांड की जा रही है।

अवैध वसूली का झूठे आरोप लगा रहे : प्रो. राजीव निगम

इस मामले में प्रोफेसर डॉक्टर राजीव निगम ने अवैध वसूली की बात को नकार दिया और कहा कि इस तरह के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। अटेंडेंस पूर्ति करने के नाम पर छात्रों से पैसे नहीं ले रहे हैं। गौरतलब है कि B.Ed D.Ed की परीक्षा में अटेंडेंस पूरी करने के नाम पर पैसे की मांग करना एक गंभीर अपराध है। यह नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन के नियमों के विरुद्ध है।

मामले की जांच कराई जाएगी : शिक्षा अधिकारी

एनसीटीई के अनुसार बीएड- डीएड कोर्स में थ्योरी क्लासेस के लिए 80% और स्कूल इंटर्नशिप के लिए 90% उपस्थिति अनिवार्य है, लेकिन निजी कॉलेज अटेंडेंस पूरी दिखाने के लिए छात्रों से 15 से 20 उससे अधिक की राशि डिमांड करते हैं, जिसे फाइन या एडजस्टमेंट कहा जाता है। छात्रों से अवैध रूप से पैसे लेने वाले दोषियों के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक इस खबर पर लल्लूराम डॉट कॉम की पड़ताल जारी रहेगी। वहीं शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने इस मामले में जांच करने की बात कही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H