भोपाल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार विजय को लेकर वृंदावन के प्रसिद्ध संत सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी महाराज ने अहम बयान दिया है। उन्होंने इस जीत को सनातन धर्म और लोकतंत्र की रक्षा के लिए “अत्यंत शुभ संकेत” बताया है। सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी ने कहा, “बंगाल से सनातन और लोकतंत्र के लिए एक अत्यंत शुभ संकेत! याद रहे, यह बात सिर्फ किसी एक राजनीतिक दल की हार-जीत की नहीं है, बल्कि यह जीत हिंदुत्व की रक्षा में निरंतर कार्य करने वाले उस संगठन और विचारधारा की है, जो हमेशा धर्म के लिए खड़ा रहता है। लोकतंत्र और हमारी संस्कृति के लिए यह एक नई सुबह है।” उन्होंने आगे कहा कि जब ध्येय केवल सत्ता नहीं, बल्कि धर्म की रक्षा हो, तो परिणाम हमेशा समाज के लिए कल्याणकारी ही होते हैं।

नए युग की शुरुआत 

सद्गुरु जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल को घोर अत्याचार से मुक्त कराया है। वृंदावन के इस संत ने भाजपा की इस जीत को “नया युग” की शुरुआत बताया और लोगों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री की मंशा पर शक न करें। उनके अनुसार, यह विजय केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण है, जो बंगाल को बांग्लादेश जैसी स्थिति से बचाने में मददगार साबित होगी।

संतों का समर्थन

सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे देश में भाजपा की बंगाल में मिली सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। हिंदू संगठनों और राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं ने इसे सनातन संस्कृति की जीत करार दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m