राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए विवाद के बाद हुई तरुण भूतोलिया की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में द्वारका कोर्ट में करीब 500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट पेश की है। इसमें कुल 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। उत्तम नगर में हुई इस घटना ने उस समय इलाके में तनाव और दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। पुलिस जांच के अनुसार, होली के दिन हुए विवाद के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर तरुण को उसके घर के पास घेर लिया और लाठियों से हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। इस मामले में आगे की सुनवाई अब द्वारका कोर्ट में होगी, जहां अभियोजन पक्ष अपने सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाएगा। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और साक्ष्यों के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में दो नाबालिग आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए केस को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) को भेज दिया गया है। वहीं, बाकी 18 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें एससी/एसटी एक्ट, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा भड़काने और हत्या जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। इसके साथ ही आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 95 और 103(2) भी लगाई गई है, जो मामले की गंभीरता को और बढ़ाती हैं।
कैसे हुई थी तरूण की हत्या?
घटना 4 मार्च की बताई जा रही है, जब होली के दिन एक छोटी बच्ची द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर जा गिरा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस जांच के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर तरुण भूतोलिया को उसके घर के पास घेर लिया और लाठियों से बेरहमी से हमला किया। चार्जशीट में यह भी उल्लेख है कि हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और अगले दिन उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच तेज की और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू की।
2 आरोपी फरार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कई अहम साक्ष्यों को चार्जशीट में शामिल किया गया है। इसमें प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य शामिल हैं, जिनके आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी गई है। वहीं, मामले में अभी भी दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए कई टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

