दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (06 मई 2026) की खबरों में बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा फंड से ‘गायब’ हुए 70 करोड़, ट्रक यूनियन की महाहड़ताल, 3 दिन का ‘सांकेतिक चक्का जाम’, MCD जल्द शुरू होगी मुफ्त दाह संस्कार सेवा, समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े शिक्षकों को बड़ी राहत प्रमुख रहा।

बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा फंड से ‘गायब’ हुए 70 करोड़

सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने बैंक ऑफ बड़ौदा को 217.6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अपने पास जमा करने का निर्देश दिया है। यह आदेश उस समय आया जब दिल्ली रिज पहाड़ी क्षेत्र के सुधार और संरक्षण के लिए निर्धारित करीब 70.25 करोड़ रुपये के फंड के “गायब” होने का मामला सामने आया। कोर्ट ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए वित्तीय लेनदेन और जिम्मेदारियों की जांच पर जोर दिया है।

पढ़े पूरी खबर…..

ट्रक यूनियन की महाहड़ताल, 3 दिन का ‘सांकेतिक चक्का जाम’

राजधानी में 22 से 24 मई तक ट्रकों का ‘चक्का जाम’ होने जा रहा है, जिससे रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। ट्रक ऑपरेटरों ने मालवाहक वाहनों पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) बढ़ाए जाने के विरोध में यह फैसला लिया है। इस हड़ताल का असर खासतौर पर फल-सब्जियों, दूध, दवाइयों और कपड़ा जैसे जरूरी सामानों की सप्लाई पर पड़ सकता है। दिल्ली में बड़ी मात्रा में ये सामान बाहरी राज्यों से ट्रकों के जरिए आता है, ऐसे में तीन दिन का ठप परिवहन बाजारों में कमी और कीमतों में बढ़ोतरी का कारण बन सकता है।

पढ़े पूरी खबर…..

MCD जल्द शुरू होगी मुफ्त दाह संस्कार सेवा

राजधानी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) जल्द ही मुफ्त दाह संस्कार सेवा शुरू करने जा रहा है। इस योजना के तहत आने वाले हफ्तों में इलेक्ट्रिक और CNG-आधारित शवदाह गृहों का उपयोग किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बिना किसी शुल्क के अंतिम संस्कार की सुविधा मिल सकेगी। जानकारी के मुताबिक, पारंपरिक लकड़ी आधारित दाह संस्कार से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इलेक्ट्रिक और CNG आधारित तकनीक न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इससे कम समय में और अधिक स्वच्छ तरीके से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

पढ़े पूरी खबर…..

सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोस को जमानत

दिल्ली हाई कोर्ट ने ठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) की पत्नी लीना पॉलोस (Leena Paulos) को ₹200 करोड़ की जबरन वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जमानत दे दी है। यह मामला प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दर्ज किया गया था। कोर्ट के इस फैसले से लीना को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा। दरअसल, दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) द्वारा MCOCA के तहत दर्ज एक संबंधित मामले में अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। राहत न मिलने के कारण लीना पॉलोस को अभी जेल में ही रहना पड़ेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े शिक्षकों को बड़ी राहत

दिल्ली सरकार ने शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत शिक्षकों की सैलरी बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। सरकार के इस फैसले के तहत अब इन शिक्षकों का मासिक वेतन ₹21,000 से बढ़ाकर ₹35,420 कर दिया गया है। यानी हर महीने ₹14,000 से अधिक की सीधी बढ़ोतरी होगी, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षकों को आर्थिक राहत मिलेगी। हालांकि, यह लाभ सभी शिक्षकों को नहीं मिलेगा। यह वेतन वृद्धि केवल उन शिक्षकों के लिए लागू होगी, जो समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित 784 विशेष केंद्रों में कार्यरत हैं। ये शिक्षक स्कूल न जाने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का काम करते हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

साप्ताहिक बाजारों पर दिल्ली हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी: दिल्ली हाई कोर्ट ने राजधानी में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को लेकर कड़ी टिप्पणी की है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि ये बाजार स्थानीय निवासियों के लिए सुरक्षा और सुविधा का संकट नहीं बन सकते, इसलिए इन्हें नियमों के दायरे में लाना जरूरी है। यह टिप्पणी जस्टिस प्रतिभा सिंह और जस्टिस मधु जैन की बेंच ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए की। याचिका उत्तम नगर के एक निवासी द्वारा दायर की गई थी, जिसमें सोमवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार को हटाने की मांग की गई थी। (पढ़े पूरी खबर)

खुले नाले में गिरकर 2 साल की बच्ची की मौत: राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके मुंडका में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। खुले नाले में गिरने से दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बुनियादी ढांचे और लापरवाही की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, इलाके में नाले की सफाई का कार्य हाल ही में किया गया था, लेकिन उसे सही तरीके से ढका नहीं गया। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। खेलते-खेलते बच्ची खुले नाले के पास पहुंची और उसमें गिर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (पढ़े पूरी खबर)

तरुण हत्याकांड में बड़ा खुलासा: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए विवाद के बाद हुई तरुण भूतोलिया की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में द्वारका कोर्ट में करीब 500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट पेश की है। इसमें कुल 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। उत्तम नगर में हुई इस घटना ने उस समय इलाके में तनाव और दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। पुलिस जांच के अनुसार, होली के दिन हुए विवाद के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर तरुण को उसके घर के पास घेर लिया और लाठियों से हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।  (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी 52 केस दर्ज: दिल्ली नगर निगम (MCD) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल महीने में राजधानी में डेंगू के 52 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले पांच वर्षों में इसी अवधि के दौरान सबसे अधिक हैं। अधिकारी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी पिछले कुछ वर्षों के रुझानों की तुलना में स्पष्ट रूप से सामने आ रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में इसी अवधि में 42 मामले, 2024 में 31, 2023 में 24 और 2022 में 12 मामले दर्ज किए गए थे। इससे यह संकेत मिलता है कि शुरुआती मौसम में डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m