शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। भोपाल में 1 लाख 40 हजार रुपये के नकली नोटों की बड़ी खेप बरामद की गई है। आरोपी सैम्युल (सैफुल) को सेफिया कॉलेज परिसर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और लंबे समय से भोपाल में रह रहा था। वह करेंसी चेंज का काम करता था। प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर भोपाल और आसपास के इलाकों में खपाता था।

विदेशी कनेक्शन का संदेह 

आरोपी के बैंक खाते में विदेशी ट्रांजेक्शन मिलने से जांच एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। पुलिस विभिन्न देशों में हुए इन ट्रांजेक्शन की डिटेल्स खंगाल रही है। आरोपी पहचान छुपाने के लिए यूके की सिम का इस्तेमाल करता था और विदेशी सिम से व्हाट्सएप पर ही बातचीत करता था। उसके फोन में अमेरिका का आईएसडी नंबर भी मिला है। पुलिस को शक है कि आरोपी न सिर्फ खुद नकली नोट चलाता था बल्कि बड़े रैकेट का हिस्सा हो सकता है।

कम दामों पर बेचता था जाली नोट 

सूत्रों के मुताबिक आरोपी बाजार में लोगों को कम कीमत पर नकली नोट मुहैया कराता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितने रुपये की जाली करेंसी बाजार में खपा चुका है। कोहेफिजा थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m